CG के धमतरी में महिला का शव दफनाने पर विवाद:धर्मांतरण का आरोप लगाकर अंतिम संस्कार से किया इनकार, गांव में तनाव, पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। महिला पर धर्मांतरण का आरोप है, जिसके कारण ग्रामीणों ने उसके अंतिम संस्कार का विरोध किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। यह मामला नगरी थाना क्षेत्र का है।
धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर विवाद







जानकारी के अनुसार, ग्राम बोराई के साहू परिवार की एक महिला की 24 दिसंबर को मौत हो गई। परिवार के लोग जब महिला के शव को बोराई गांव में दफनाने पहुंचे तो ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला ने धर्मांतरित हो गई थी और उस पर धर्मांतरण करने का आरोप था। ग्रामीणों की मांग थी कि शव को वहां न दफनाया जाए, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
नगरी में भी महिला के शव को दफनाने का विरोध
इस विरोध के चलते परिवार के लोग शव को नगरी ले आए, वहां उसे दफनाने की तैयारी की जा रही थी और गड्ढा खोदा गया था। हालांकि, नगरी नगर के निवासियों को जब इसकी सूचना मिली, तो उन्होंने भी वहां शव दफनाने पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि नगरी में शव दफनाने के लिए कोई जमीन आवंटित नहीं है।





प्रशासन दोनों पक्षों को समझाने के प्रयास में जुटी
इस पर स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई और पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी और प्रशासनिक टीम शामिल है। प्रशासन दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन मौके पर अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।
बजरंग दल के संत कोठारी ने कहा, बोराई गांव का साहू परिवार धर्मांतरित हो चुका है। महिला की मौत के बाद परिवार शव को दफनाने के लिए नगरी ले आए थे। लेकिन पूरे गांव के लोगों ने फैसला लिया कि महिला के शव को यहां दफनाने नहीं दिया जएगा।




