
CG में जवान ने सर्विस-राइफल से खुद को मारी गोली:नारायणपुर में 7 दिन में दूसरा सुसाइड, कनपटी को चिरते हुए निकली बुलेट
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में जिला बल के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। अस्पताल ले जाने से पहले ही जवान की मौत हो गई है। गोली जवान के सिर के दाहिने हिस्से (कनपटी) में लगी। सुसाइड का कारण अज्ञात है। मामला कोहकमेटा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक जवान की पहचान कांकेर निवासी पिंगल जूरी के रूप में हुई है। वह कोड़नार कैंप में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। आज 25 दिसंबर की सुबह कैंप में ही ड्यूटी के दौरान उसने सर्विस राइफल से खुद को शूट कर लिया।







गोली की आवाज सुनते ही साथी जवान मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घायल जवान को अस्पताल लाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। बता दें कि 7 दिन पहले भी नारायणपुर में पदस्थ यूपी के BSF जवान ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था।
19 दिसंबर को स्थापित किया गया था कैंप
जवान के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। नारायणपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोड़नार कैंप हाल ही में 19 दिसंबर को स्थापित किया गया था। ताकि अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा और विकास को मजबूती दी जा सके।




7 दिन पहले BSF जवान ने किया था सुसाइड
नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान ने 7 दिन पहले सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड करने का कारण अज्ञात है। जवान उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। घटना सोनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक जवान का नाम सचिन कुमार है। जवान यूपी के बागपत जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पिछले कुछ समय से नारायणपुर के होरादी सुरक्षा कैंप में आरक्षक के पद पर तैनात था। जवान ने कैंप में ही ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी है




