SSP की पाठशाला में दुर्ग पुलिसकर्मियों को फिट रहने की सलाह:रोजाना योग-व्यायाम करने की भी नसीहत; सभी केस 90 दिनों के अंदर निराकरण के निर्देश
By Dinesh chourasiya

दुर्ग SPP विजय अग्रवाल ने क्राइम ग्राफ को कम करने और सभी मामलों का जल्द से जल्द निराकरण करने के लिए सभी थानों के टीआई को सख्त निर्देश दिया है। बुधवार को एसएसपी ने पाटन अनुविभाग के सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली।







यह मीटिंग उतई थाना में ली गई। एसएसपी ने इस बैठक में पुलिसकर्मियों को फिट रहने कहा। उन्होंने फिट रहने के लिए रोजाना योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

लंबित अपराधों का जल्द निराकरण
एसएसपी विजय अग्रवाल ने थाना प्रभारियों और विवेचकों की समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों और चालानों की थानावार गहन समीक्षा की और सख्त लहजे में कहा कि सभी मामलों का निराकरण 60/90 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।





एसएसपी ने देखी डायरी
एसएसपी ने हर थाना प्रभारी और विवेचक से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके पास लंबित अपराधों की केस डायरी देखी। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अगर अन्य राज्य में टीम भेजने की जरूरत पड़े, तो नियमानुसार अनुमति लेकर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले हर शिकायतकर्ता की बात को ध्यानपूर्वक सुना जाए और समस्या के अनुरूप तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए
गुंडा बदमाशों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश
बैठक में क्राइम कंट्रोल के साथ-साथ निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और गैंग हिस्ट्रीशीट धारियों पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि बीट और सब-बीट प्रभारी स्तर पर इनकी गतिविधियों, चाल-चलन, आय के स्रोतों और रोजमर्रा की गतिविधियों की नियमित जांच और मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने कहा कि अगर कोई बदमाश जेल में बंद है, तो उसकी हरकतों पर भी निगरानी रखी जाए। ताकि अपराध की जड़ें वहीं समाप्त की जा सकें।
यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सौंपी जिम्मेदारी
मीटिंग के दौरान सड़क सुरक्षा पर भी चर्चा हुई। पाटन क्षेत्र की सड़कों पर मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं से बचाव के लिए एसएसपी ने दुपहिया चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है।




