Uncategorized

GST 2.0 छूट की जांच करने बाजारों में उतरे अफसर:सरप्राइज चेकिंग करने ग्राहक बनकर दुकान पहुंच रहे अधिकारी; अभी समझाइश देकर छोड़ रहे

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में जीएसटी 2.0 की अधिसूचना लागू होने के बाद अब राज्य जीएसटी विभाग की टीम बाजारों में सक्रिय हो गई है। नई दरों में दी गई छूट ग्राहकों तक पहुंच रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए रायपुर समेत प्रदेशभर के प्रमुख शहरों में अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिकारी बाजारों और शो-रूम में जाकर ग्राहकों से सीधे बात करेंगे। यह सुनिश्चित करेंगे कि दुकानदार सही दरों पर सामान बेच रहे या नहीं।

जीएसटी के अधिकारियों ने बताया कि, वरिष्ठ अफसरों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे शहरों में विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें रिटेल स्टोर से लेकर थोक बाजारों तक रेंडम जांच कर रही है।

यदि किसी दुकान में छूट का लाभ ग्राहकों तक नहीं पहुंच रहा तो दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दुकानों में जीएसटी दरों की जानकारी डिस्प्ले करने और पुराने-नए एमआरपी को स्पष्ट करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सरकार मना रही बचत उत्सव

राज्य सरकार इन दिनों जीएसटी बचत उत्सव भी मना रही है। मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री और विधायक बाजारों में पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं और ग्राहकों से बातचीत कर रहे हैं। शो-रूम संचालकों को भी पोस्टर और सूचना-पट लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे खरीदारों को नई दरों की पूरी जानकारी मिल सके।

गौरतलब है कि, केंद्र सरकार ने 22 सितंबर से कई वस्तुओं पर जीएसटी दरें घटाई हैं। इसमें टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर, कृषि उपकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। अब विभागीय स्तर पर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि आम उपभोक्ताओं को इसका वास्तविक लाभ मिले।

Related Articles

Back to top button