Uncategorized

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई निवास पर ED की छापेमारी:बघेल बोले-अडानी के लिए काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठना था, इसलिए साहेब ने ED भेजी

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यालय पर छापेमारी की है। सुबह 6 बजे बघेल के निवास में ED के अधिकारी पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में CRPF के जवान भी मौजूद हैं।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि ‘ED’ आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में “साहेब” ने ED भेज दी है।

मार्च 2025 में भी हुई थी छापेमारी

इसके पहले मार्च 2025 में भूपेश बघेल के घर पर ईडी की टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा था कि मैं अखबार पढ़ रहा था और चाय पी रहा था, तभी ईडी की टीम आई। मैंने उनसे कहा कि, उनका स्वागत है। मैं तो महीनों और सालों से उनका इंतजार कर रहा था।

मेरी पत्नी, तीन बेटियां, बेटा, बहू, पोते और पोतियां यहां रहते हैं। हम खेती करते हैं। इस संयुक्त परिवार में हम 140 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। हमारे पास वही था जो हमने घोषित किया था। उन्होंने इसकी जांच की। अलग-अलग लोगों से 33 लाख रुपए नकद मिले, मेरी पत्नी, बेटे, बहू और बेटियों से। हम खेती भी करते हैं और डेयरी भी चलाते हैं। इसमें स्त्रीधन भी शामिल है।

बघेल ने कहा था कि ऐसा माहौल बनाया गया कि नोट गिनने वाली मशीनें लाई गई, मुझे नहीं लगता कि यह बहुत बड़ी रकम है। यह साफ है कि अब विधानसभा में सवाल पूछना अपराध हो गया है। कवासी लखमा ने सवाल पूछे और ईडी 8 बजे के भीतर उनके आवास पर थी 8 दिन में ही जेल हो गई। मैंने विजय शर्मा से गरीबों के लिए आवास के बारे में पूछा। चौथे दिन वे (ईडी) मेरे आवास पर आ गए।

रायपुर समेत कई जगहों पर पुतला दहन

रायपुर, धमतरी और कोंडागांव समेत कई जिलों में ED की कार्रवाई के खिलाफ पुतले फूंके गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में विरोध जताया। पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेसियों की कई जगहों पर झड़प भी हुई।

रायपुर में कांग्रेसियों ने ED का पुतला दहन किया।
कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED का पुतला दहन किया।
धमतरी में भी कांग्रेसियों ने पुतला दहन कर ED की कार्रवाई का विरोध जताया।
  • अब जानिए भूपेश बघेल के घर छापेमारी की जानकारी

दरअसल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल के घर ED ने छापेमारी की। यह जांच करीब 10 घंटे तक चली थी। टीम के जाने के बाद भूपेश बघेल ने कहा था कि, 32-33 लाख रुपए और दस्तावेज टीम ले गई है। इसमें मंतूराम केस की पेनड्राइव भी है।

करीब सुबह 8 बजे भूपेश और उनके बेटे चैतन्य के भिलाई-3 पदुमनगर स्थित घर पर चार गाड़ियों में ED की टीम पहुंची थी। दोपहर में कार्रवाई के बीच नोट गिनने और सोना जांचने की मशीनें भी मंगाई गई। इस बीच ED की कार पर बाहर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था।

इस घटना के कुछ घंटे बाद रात 10 बजे ईडी के अधिकारी सुरक्षाकर्मी को लेकर पुरानी भिलाई थाने पहुंचे। मामले की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कर्मकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुशील उर्फ सन्नी अग्रवाल समेत 25 और लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में FIR हुई थी।

Related Articles

Back to top button