Uncategorized

बिहार के 2 ठग भिलाई से गिरफ्तार 54 लाख से अधिक की ठगी के मामले थे फरार, बिहार की पुलिस ने रिमांड पर लिया

By Dinesh chourasiya

पुलिस की गिरफ्त में बिहार के ठग - Dainik Bhaskar

बिहार में 54 लाख 3 हजार 43 रुपए की ठगी कर दो आरोपी काफी दिनों से भिलाई में छिपकर रह रहे थे। उनका लोकेशन मिलने पर नालंदा पुलिस ने वैशाली नगर पुलिस से सहयोग मांगा। वैशाली नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद नालंदा पुलिस ने कोर्ट से दोनों को रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई।

वैशाली नगर थाना प्रभारी अमित अंदानी ने बताया कि, उनकी टीम ने सत्येंद्र कुमार और रितिक कुमार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नालंदा पुलिस को सौंपा है। इन दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार के नालंदा जिला के कल्याण बिगहा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

किसान से की थी धोखाधड़ी

नालंदा पुलिस ने बताया कि आरोपी सत्येंद्र और रितिक नालंदा जिला के हरनौत थाना के गोड़ीपार गांव के निवासी हैं। इन लोगों ने कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के किसानों के साथ उनके अनाज का 54 लाख 3 हजार 43 रुपए गबन किया और फरार हो गए। इसके बाद किसानों ने मिलकर उनके खिलाफ कल्याण बिगहा थाने में मामला दर्ज कराया था।

मामला दर्ज होने के बाद कल्याण बिगहा थाने की पुलिस इन्हें तलाश रही थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली की दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ राज्य के दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई में वैशाली नगर थाना क्षेत्र में लुक छिपकर रह रहे हैं। इसके बाद कल्याण बिगहा थाने की एसआई सुषमा कुमारी ने वैशाली नगर थाने से संपर्क किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए मदद मांगी।

नालंदा पुलिस के वैशाली नगर पहुंचने के बाद वैशाली नगर थाने की पुलिस ने उनका सहयोग किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Related Articles

Back to top button