भाजपा-कांग्रेस की कैंपेनिंग का अंतिम दिन:बालोद में BJP की रैली, कांग्रेस ने किया डोर-टू-डोर प्रचार; जनता से मांगा समर्थन
By Dinesh chourasiya

बालोद नगर पालिका चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने रैली निकाली। भाजपा ने जहां अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस ने डोर-टू-डोर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया।
भाजपा की प्रत्याशी प्रतिभा चौधरी ने कहा कि प्रचार के दौरान खराब नाली में गिरने से उनके पैर में चोट आई है, जिसके लिए उन्होंने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। प्रतिभा चौधरी ने वादा किया कि जीतने के बाद शहर में ऐसी स्थिति नहीं रहेगी।








बालोद में भाजपा की जीत का दावा
भाजपा प्रत्याशी ने दावा किया कि जैसे दिल्ली में भाजपा की सरकार आई है, वैसे ही बालोद में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता और पार्टी दोनों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के विकास गिनाए




दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी नन्नू साहू ने अपने 10 साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और टाउन हॉल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य स्वच्छ और सुंदर बालोद का निर्माण करना है।
दोनों दलों ने झोंकी ताकत
नन्नू साहू ने विश्वास जताया कि विकास के मुद्दे पर जनता उन्हें फिर से चुनेगी। दोनों दलों ने अपने-अपने संगठनों की पूरी ताकत लगाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया है।




