छत्तीसगढ़ में 200 लोगों से 5 करोड़ की ठगी:5 गुना रिटर्न के चक्कर में फंसे; शुरुआती 3 महीने तक डॉलर में रिटर्न भी मिला कई पुलिस वाले भी आए इनके झांसे में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में 5 गुना मुनाफे के चक्कर में करीब 200 लोगों से 5 करोड़ से ज्यादा की ठगी हो गई। लोगों ने ट्रेड एक्सपो ऐप के जरिए रुपए निवेश किए थे लेकिन अब वे पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं। राजिम पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।
पीड़ित संतोष देवांगन ने बताया कि राजाराम तारक, शरद चंद शर्मा और पीपरछेड़ी हॉस्टल अधीक्षक यशवंत नाग ने रकम पांच गुना करने की बात कही थी। झांसे में आकर सैकड़ों लोगों ने 5 करोड़ से ज्यादा की रकम निवेश कर दी।शुरुआती 3 महीने में डॉलर में रिटर्न भी मिला था।








3 महीने तक रिटर्न भी मिला
साल भर पहले ट्रेड एक्सपो नाम का एक ट्रेडिंग ऐप लॉन्च किया गया था। इन सक्रिय एजेंटों ने अलग-अलग तरीके से प्रचार किया। इसके चलते कई लोग ऐप में जॉइन हो गए। निवेश के रकम के आधार पर निवेशकों के खाते में रोजाना आधा से एक प्रतिशत ब्याज दर के आधार पर रकम भी डालते गए।
निवेशकों के मुताबिक, रकम सीधे दुबई जा रही थी और डॉलर में रिटर्न मिल रहे थे। इसी रिटर्न का प्रचार कर कारोबार को बढ़ाया गया। 3 महीने तक रिटर्न भी दिया जाता रहा। इसके बाद निवेश करने वालों की संख्या और निवेश रकम का आंकड़ा भी बढ़ने लगा।





घर-बाड़ी बेच कर निवेश किया गया
रिटर्न मिलने पर लोग मार्केट से ब्याज में पैसे उठाकर भी पैसे डालने लगे। शिक्षकों ने अपनी बचत पूंजी को निवेश किया। बताया जा रहा है कि, जिले के दर्जनभर पुलिस वाले भी झांसे में आ गए। परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर रुपए लगाए गए हैं।

चिट फंड में डूबो चुके 181 करोड़
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक जिले के 93 हजार 598 लोगों ने अलग-अलग चिट फंड कंपनियों में 7 साल पहले 181 करोड़ गंवा चुके हैं। सबसे ज्यादा राजिम अनुविभाग में 100 करोड़ का निवेश हुआ। ट्रेडिंग ऐप में फंसे ज्यादातर लोग भी इसी राजिम इलाके से आते हैं।
पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया
एडिशन एसपी जितेंद्र चंद्राकर ने बताया कि राजिम पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 3 लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
————————-




