
शाहरुख खान को दी जान से मारने की धमकीं आरोपी रायपुर से गिरफ्तार:हिरण पकाकर खाने वाले डायलॉग पर आरोपी जताई थी आपत्ति,बोला- हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है
By Dinesh chourasiya
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने वकील फैजान खान को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। वकील ने पहले कहा था कि, उसका फोन गुम हो चुका है। उसे जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है।
दरअसल, वकील ने शाहरुख खान की एक फिल्म के डायलॉग पर आपत्ति जताई थी, जिसमें शाहरुख ने कहा था कि, हिरण को पकाकर खा लो। उन्हें हिरण का शिकार करने में मजा आता है। फैजान ने इसकी शिकायत मुंबई और जोधपुर में की थी, जिसमें बताया कि, हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है। इस डायलॉग से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।







पूछताछ में नहीं किया बांद्रा पुलिस का सहयोग
फैजान खान को मुंबई पुलिस ने 7 नवंबर को पूछताछ के लिए नोटिस दिया गया था, जिसमें फैजान को कहा गया था कि 11 नवंबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उससे शाहरुख खान को फोन से मिली धमकी और 50 लाख रुपए मांगने के मामले में पूछताछ होनी थी। लेकिन 11 नवंबर को फैजान बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा।
जिस वजह से 12 नवंबर यानि आज उन्हें रायपुर से मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी हो रही है।




क्या है पूरा मामला ?
डीसीपी के अनुसार, बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात कॉलर का कॉल आया था, जिसमें धमकी देते हुए कॉलर ने कहा, बैंड स्टैंड वाले शाहरुख खान को मार दूंगा। कॉलर ने कहा कि अगर उसे 50 लाख नहीं दिए गए तो वो उन्हें जान से मार देगा। जब कॉलर से उसका नाम पूछा गया तो जवाब मिला, मेरे लिए ये मैटर नहीं करता, मेरा नाम हिंदुस्तानी है।
2 नवंबर को गुम हुआ मोबाइल
पुलिस ने बताया कि, फैजान खान पेशे से एडवोकेट है। उससे खम्हारडीह थाने में 2 नवंबर को मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत दी थी। मोबाइल फोन गुमने के ठीक 3 दिन बाद यानी 5 नवंबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन के नंबर पर कॉल किया गया।
आरोपी के खिलाफ बांद्रा थाने में भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 308 (4), 351 (3)(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2023 में भी मिली थी धमकियां, बढ़ाई गई थी सिक्योरिटी
साल 2023 में शाहरुख खान को पठान और जवान फिल्म की कामयाबी के बाद लगातार धमकियां मिल रही थीं। मामले की शिकायत दर्ज होने पर सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें Y प्लस सिक्योरिटी दी गई थी। तब से ही शाहरुख खान हर जगह टाइट सिक्योरिटी के साथ ही जाते हैं।
59वें बर्थडे पर इवेंट का हिस्सा बने थे शाहरुख
2 नवंबर को शाहरुख खान ने 59वां जन्मदिन मनाया है। हर साल वो जन्मदिन पर फैंस से मिलने मन्नत की बालकनी पर आते हैं। हालांकि इस साल सिक्योरिटी के मद्देनजर शाहरुख बालकनी में नहीं आए। हालांकि वो शाम करीब 6 बजे बांद्रा स्थित रंग मंदिर ऑडिटोरियम में आयोजित हुए एक इवेंट का हिस्सा बने थे।




