छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर बवाल.:घर को चर्च बनाकर प्रार्थना-सभा, हिंदू संगठनों ने लगाए जय श्रीराम के नारे, पास्टर समेत 50 लोग हिरासत में
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में धर्मांतरण को हिंदू संगठनों ने जमकर बवाल किया। बताया जा रहा है कि घर को चर्च बनाकर बड़ी संख्या में लोग प्रार्थना सभा कर रहे थे। बवाल के बीच पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पास्टर समेत 50 से अधिक महिला और पुरुष हिरासत में हैं। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक काशीराम चौक के पास पादरी साउल नागा के घर पर प्रार्थना सभा चल रही थी। नारेबाजी के बीच मोहल्लेवासी भी वहां इकट्ठा हो गए। पास्टर को घर से बाहर निकालने की मांग करने लगे। भीड़ ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए। शहर में डेढ़ महीने में यह चौथा मामला है।








भीड़ को देख घर को अंदर से बंद कर लिया
मामले में हिंदू संगठन के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे प्रार्थना सभा वाले घर में पहुंचे। इस दौरान पादरी ने भीड़ को देखकर घर के दरवाजे को भीतर से बंद कर दिया। कोई भी बाहर नहीं निकल रहा था। हिंदू संगठन के लोगों ने घर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की सूचना जूटमिल पुलिस को दी गई। SDM समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा खुलवाकर पूछताछ की गई। करीब डेढ़ से दो घंटे बाद पुलिस के घेरे में पास्टर साउल नागा समेत अन्य लोगों को घर से बाहर निकाला गया। सभी को जूटमिल थाना ले जाया गया।




लंबे समय से चल रही थी प्रार्थना सभा
बताया जा रहा है कि जहां प्रार्थना सभा चल रही थी। यह नजूल की जमीन है। पहले यहां कच्चा का मकान था। धीरे-धीरे मकान को पक्काकर एक बड़ा हाॅल बनाया गया। उसमें लंबे समय से प्रार्थना सभा कराया जाता था। रविवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सभा में शामिल होते हैं।

धर्मांतरण को लेकर शहर में बड़ा रैकेट सक्रिय
हिंदू संगठन के अंशु टुटेजा ने बताया कि प्रार्थना सभा में 90 प्रतिशत हिंदू समाज के लोग थे। प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरित किया जा चुका है। लोभ, लालच और बीमारी ठीक करने के नाम पर यहां धर्मांतरित किया जा रहा था। धर्मांतरण को लेकर शहर में बड़ा रैकेट सक्रिय है।
चर्च बनाने की जानकारी कैसे हुई ?
हिंदू सगंठनों का आरोप है कि जहां चर्च बनाया गया है, उस जमीन की SDM से पट्टे की मांग की गई। इसके बाद नजूल जमीन पर अवैध चर्च बनाने की जानकारी हुई। हमारी मांग है कि तथाकथित चर्च पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई होनी चाहिए
पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई
SDM प्रवीण तिवारी ने बताया कि गांधी नगर क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिली थी। कुछ लोगों को थाने लाया गया है। पूछताछ से पता चलेगा कि वास्तविकता क्या है। जहां मकान बना है, उस जमीन की जांच की जा रही है।
भाजपा सरकार में ऐसे मामले बढ़ रहे- कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला का कहना है कि, जब भाजपा की सरकार आई है, तब से धर्मांतरण के मामले बढ़े हैं। लालच देकर इस तरह धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है, जो कि गलत है। उनका कहना है कि कांग्रेस सरकार पिछले पांच साल थी, लेकिन ऐसी घटनाएं नहीं हुई। 15 साल तक भाजपा की सरकार में ही धर्मांतरण फल-फूल रहा था।
कांग्रेस ने ऐसे लोगों को फलने-फूलने दिया- बीजेपी
भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि, आजादी के बाद से लंबे समय तक कांग्रेस सरकार रही। कांग्रेस की सरकार ने ऐसे लोगों को फलने-फूलने का अवसर दिया। ऐसे मामले में कभी भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। अब धर्मांतरण भारतीय जनता पार्टी की सरकार में किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है।
डेढ़ महीने में 4 मामला आए सामने
धर्मांतरण के मामले की बात करें तो नवरात्रि से लेकर अब तक 4 मामले आ चुके हैं। पहला मामला दरोगा पारा, दूसरा मामला मिट्ठूमुड़ा, तीसरा सुभाष चौक और चौथा मामला रविवार को काशीराम चौक में आया है।





