Uncategorized

छत्तीसगढ़ में आदिवासी-सरपंच के बेटे को शराब कोचिए ने पीटा:मां-बेटे को बोला…जान से मार दूंगा, महिलाओं ने घेरा थाना, कहा-पुलिस ने भी डराया-धमकाया

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शराबबंदी की शिकायत पर आदिवासी महिला सरपंच के बेटे को शराब कोचिए ने जमकर पीटा है। शराब कोचिए ने महिला सरपंच से भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब थाने में शिकायत करने पहुंचे तो पुलिस ने डरा धमकाकर भगा दिया। वारदात और पुलिस की रवैया से गुस्साए 4 गांव की महिलाएं और पुरुषों ने बड़ी संख्या में थाना घेरा। सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी की।

पुलिस अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पूर्व मंत्री उमेश पटेल

शराब कोचिए ने क्यों की मारपीट ?

कोसमपाली की सरपंच अनसुइया उरांव ने बताया कि खैरपुर, कलमी और कोसमनारा की महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ बैठक की थी। इसके बाद गुरुवार को सभी महिलाओं ने अवैध शराब बंद कराने कोतरा रोड थाने में शिकायत की। पुलिस मामले में गांव पहुंचकर कार्रवाई भी की।

बाप-बेटे ने महिला सरपंच के बेटे को पीटा

महिला सरपंच ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वाले कार्रवाई से बौखलाए गांव के गोपाल चौहान और उसके बेटे आयुष चौहान शनिवार की शाम उसके घर पहुंचे। शराबबंदी को लेकर शिकायत करने की बात पर विवाद करने लगे। गोपाल चौहान और उसके बेटे आयुष ने उससे गाली-गलौज कर बेटे की पिटाई कर दी।

झूठे केस में फंसा देने की दी धमकी

कोसमपाली की सरपंच अनसुइया उरांव ने बताया कि शराब कोचिए ने दोबारा घर आने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा उन्हें ही फटकार लगाई। इसके बाद वे रविवार को थाना घेरने पहुंची हैं।

अवैध शराब लाते और बेचते हैं कोचिया

कोसमपाली, कलमी, खैरपुर और कोसमनारा गांव की आबादी करीब 5 हजार है। सभी गांवों में करीब 20 से 30 जगहों पर अवैध शराब बनाई जाती है। कोचिया इसे 10-15 जगहों पर पहुंचाते हैं। वहीं कोसमपाली सरपंच और महिलाओं ने छापेमारी की। इस दौरान 7-8 जगहों पर कोचिया शराब बनाते हुए पाए गए।

शराब माफिया को संरक्षण दे रही पुलिस- उमेश पटेल

मामले में पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि पुलिस शराब माफिया को संरक्षण दे रही है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से पुलिस का जनता के प्रति रवैया गलत हो गया है। वहीं रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि भाजपा की सरकार में शराब की कोचियागिरी बढ़ गई है।

जहां कांग्रेस के नेता हैं, वहीं बन रही अवैध शराब- BJP

रायगढ़ भाजपा जिला उपाध्यक्ष कौशलेश मिश्रा ने कहा कि हमारी सरकार लगातार अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तार हो रही है। ये अवैध शराब की बिक्री कांग्रेस के विधायक क्षेत्र में हो रही है। उन्हीं का संरक्षण मिला हुआ है। दिखावे के लिए थाने में आकर खड़े हो जा रहे हैं। दो बार के विधायक को यह शोभा नहीं देता।

जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी

कोतरा रोड थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी का कहना है कि महिलाओं ने आवेदन दिया है। अभी एक पक्ष का आवेदन आया है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार गांव-गांव पहुंचकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button