
सीजी में ऑर्केस्ट्रा में हेड-कॉन्स्टेबल ने डांसर का हाथ पकड़कर खींचा:ड्यूटी की जगह मौज-मस्ती; वीडियो वायरल होने पर SP ने लिया एक्शन हेड कांस्टेबल सस्पेंड
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ पुलिसकर्मियों की मौज-मस्ती नहीं थम रही है। इस बार सरगुजा जिले में एक ऑर्केस्ट्रा पार्टी में हेड कॉन्स्टेबल का वीडियो सामने आया। उदयपुर इलाके में ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मी हाथ पकड़कर डांसर को खींचते दिखे। वीडियो वायरल होने के बाद SP ने हेड कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात उदयपुर के लक्ष्मणगढ़ में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। इस दौरान कानून व्यवस्था के लिए हेड कॉन्स्टेबल देवनारायण सिंह और नगर सैनिक नीरज साहू की ड्यूटी लगाई गई थी। ऑर्केस्ट्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाने वाले ही नशे में दिखे।







डांसर का हाथ पकड़ा, किए इशारे
वायरल वीडियो में कई लड़कियां डांस करते दिख रही हैं। इस बीच मंच से उतर कर वे लोगों के बीच पहुंचती हैं। तभी हेड कॉन्स्टेबल देवनारायण 2 युवतियों का हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचते हैं इसके बाद वे कान में भी कुछ कहते हैं। वे डांसर को कुछ इशारे से बताने की कोशिश भी कर रहे थे।
नगर सैनिक पर भी एक्शन




नगर सैनिक भी ड्यूटी में लापरवाह दिखे। वीडियो वायरल होने के बाद सरगुजा एसपी योगेश पटेल ने हेड कॉन्स्टेबल और नगर सैनिक को ड्यूटी में लापरवाही करते माना है। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए देवनारायण सिंह को निलंबित करते हुए लाइन अटैच कर दिया है। वहीं नगर सैनिक नीरज साहू को तत्काल प्रभाव से मूल कार्यालय अंबिकापुर भेज दिया गया है।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे केस
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ASI का भी ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था। 50 साल के फूलेश्वर सिंह बिर्रा थाना में पदस्थ थे। जानकारी के मुताबिक 30 सितंबर को रात में वे ड्यूटी पर थे। सूचना मिली कि रात में ग्राम सोनादह में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन कराया गया है।
तेज आवाज में गाना बजाने की शिकायत में वे मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान ASI फूलेश्वर सिंह सिदार वर्दी पहने ऑर्केस्ट्रा में लड़कियों के साथ ही डांस करने लगे। वीडियो सामने के बाद SP ने उसे निलंबित कर दिया है




