
4 शूटर, 2.5 लाख की सुपारी, जेल में बना प्लान! बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ा खुलासा
By Dinesh chourasiya







शुरुआती जांच में पता चला कि 66 वर्षीय एनसीपी नेता की हत्या के लिए तीन शूटर ऑटो रिक्शा से कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर आए थे और बाबा सिद्दीकी के निकलने का इंतज़ार कर रहे थे। जैसे ही वह बाहर निकले उन्हें गोली मारी। आरोपी पिछले 25-30 दिन से इलाके की रेकी कर रहे थे। वह पिछले महीने से मुंबई के कुर्ला इलाके में किराये के घर में रह रहे थे।
पंजाब की जेल में बना प्लान!
पकड़े गए शूटरों ने पूछताछ में कई राज उगले हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने क्राइम ब्रांच को बताया है कि वो जब पंजाब की एक जेल में बंद थे तो बिश्नोई गैंग के एक मेंबर से उनकी मुलाकात हुई। जो पहले से उसी जेल में बंद था। उसके संपर्क में आने के बाद ही तीनों आरोपी बिश्नोई गैंग में शामिल हो गए। इसके बाद बाबा सिद्दीकी को मारने के लिए आरोपियों को ढाई से तीन लाख रुपये की सुपारी मिली।
बाबा सिद्दीकी को मिली थी धमकी
यह वारदात शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बांद्रा पश्चिम के निर्मल नगर इलाके में कोलगेट मैदान के पास हुई। बाबा सिद्दीकी जब अपने बेटे व विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर थे तो उन पर गोलीबारी की गई। शूटरों ने छह गोलियां चलायी, जिनमें से दो उनके सीने में लगी। उन्हें तुरंत नजदीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। एनसीपी नेता को 15 दिन पहले ही जान से मारने की धमकी मिलने के बाद वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी।




कौन है बाबा सिद्दीकी?
बाबा सिद्दीकी की हत्या से सनसनी फ़ैल गई है। इसी साल 8 फरवरी को उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और फिर अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए। बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी अभी कांग्रेस के विधायक है।




