
भिलाई में बलौदा बाजार पुलिस की रेड:12 गाड़ियों में पहुंची थी फोर्स; विधायक देवेंद्र के बाद 5 और आरोपियों को बलौदा बाजार हिंसा मामले में गिरफ्तारी सभी आरोपी भेजे गए जेल
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस ने भिलाई में कई घरों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि 12 गाड़ियों में पुलिस की टीम पहुंची थी। खुर्सीपार क्षेत्र के 5 लोगों को साथ ले गई है। पुलिस के मुताबिक पांचों आरोपी हिंसा में शामिल थे।
मिली जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार ASP अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गुरुवार रात भिलाई पहुंची थी। उन्होंने दुर्ग एसपी से बल मांगा। इसके बाद ASP सुखनंदन राठौर ने छावनी और खुर्सीपार पुलिस को मौके पर भेजा। वे खुद कार्य वाही के दौरान मौजूद थे।







खुर्सीपार के मिलावटपारा से गिरफ्तारी
खुर्सीपार थाना क्षेत्र से लोकल पुलिस बल लेने के बाद बलौदाबाजार पुलिस सीधे खुर्सीपार के मिलावटपारा क्षेत्र में पहुंची। यहां पुलिस ने योगेश नौरंगे, दिनेश बांधे, हेमंत खूंटे, वीरेंद्र गायकवाड़ और लक्ष्मण सोनवानी को उनके घर से छापेमारी करके गिरफ्तार किया।
इस दौरान वहां लोगों ने पुलिस के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन इतनी बड़ी संख्या पुलिस बल पहुंचा था कि कोई कुछ नहीं कर सका।




सभी को भेज दिया गया जेल
एएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी बलौदाबाजार हिंसा में शामिल थे। बलौदाबाजार पुलिस के पास इसके पूरे साक्ष्य हैं। उन्होंने उन्हें यहां से गिरफ्तार किया और आज कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
खंगाला जा रहा विधायक देवेंद्र यादव का कनेक्शन
बताया जा रहा है कि जिन पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है, वह भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक हैं। जिस दिन बलौदाबाजार में हिंसक घटना हुई, वो लोग भिलाई से बड़ी संख्या में लड़कों को लेकर कई गाड़ियों में बलौदाबाजार पहुंचे थे।
उन्होंने खुद भीड़ में शामिल होकर हिंसक घटना को अंजाम दिया है। पुलिस इन लड़कों से अब ये पता लगाने में जुटी हुई है कि ये विधायक के कहने पर वहां गए थे। हिंसा में शामिल हुए या फिर सतनामी समाज के आह्वान में वहां पहुंचे थे।




