CG में शादीशुदा प्रेमी से तंग आकर प्रेमिका ने की खुदकुशी:शादी का वादा कर बनाता रहा शारीरिक संबंध, अब आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
By Dinesh chourasiya

बिलासपुर जिले में एक शादीशुदा युवक ने युवती से दोस्ती की, फिर प्यार और शादी करने का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब उसने प्रेमी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। जिससे परेशान युवती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। अब पुलिस ने शादीशुदा प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, ग्राम सुलौनी निवासी गोलू उर्फ रामकुमार दिवाकर (24) शादीशुदा है। इसके बाद भी उसने 21 साल की युवती से दोस्ती की। उसे शादी करने का वादा किया। युवती उसकी बातों में भरोसा कर अपना सबकुछ लूटा दी और उसे पति बनाने का ख्वाब देखती रही।







शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
इस दौरान रामकुमार ने अपनी प्रेमिका से शादी करने की बात कही। उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाते रहा। वहीं, युवती ने जब उससे शादी करने की बात कही, तो टालमटोल करता रहा।
शादी से इनकार किया तो दे दी जान




युवती ने जब अपने प्रेमी रामकुमार से शादी के लिए दबाव बनाया, तब उसने खुद शादीशुदा होने की बात कहकर उससे शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद परेशान युवती ने 26 मार्च को चूहा मार दवा खा ली। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान 28 मार्च को युवती ने दम तोड़ दिया था।
ऊंटी में छिपा था आरोपी, अब अरेस्ट
युवती के जहर खाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी गोलू उर्फ रामकुमार दिवाकर पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गोलू के खिलाफ धारा 306 के तहत अपराध दर्ज किया।
लेकिन, वारदात के बाद से आरोपी गोलू फरार होकर ऊंटी भाग गया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस की टीम को सूचना मिली, कि आरोपी युवक अपने घर आया है, तो उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।




