भिलाई में बुलेट चलाकर SP ने दिया स्वस्थ मतदान का संदेश:शत-प्रतिशत वोटिंग के लिए किया जागरूक, निकाली गई बाइक रैली
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में शत-प्रतिशत स्वस्थ मतदान को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली की अगुवाई दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने की। बाइक रैली को हरी झंडी आईजी दुर्ग राम गोपाल गर्ग और कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने दिखाई।
रविवार को सुबह सिविक सेंटर से एक बड़ी बाइक रैली निकाली गई। रैली को आईजी, कलेक्टर और एआईजी संजय शर्मा सहित कई अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाई। रैली की अगुवाई एसपी जितेंद्र शुक्ला ने खुद अपनी बुलेट चलाकर की।








एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि जब पुलिस के जवान 24 घंटे ड्यूटी करते हुए मतदान कर सकते हैं, तो हम लोग घर में रहकर मतदान करने क्यों नहीं जा सकते। ऐसा ही संदेश लेकर पुलिस-प्रशासन की टीम बाइक रैली के जरिए पब्लिक के बीच पहुंची है।
बाइक रैली में पुलिस जवान और जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने हाथों में शत-प्रतिशत मतदान वाले स्लोगन वाली तख्तियां पकड़ रखी थीं। उन्होंने लोगों को बताया कि मतदान करना न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि यह कर्तव्य भी है। देश के विकास और एक अच्छी सरकार लाने के लिए एक-एक वोट कीमती है, इसलिए हमें अपने वोट का महत्व समझना चाहिए।

सभी को मतदान करने की दिलाई गई शपथ




कार्यक्रम के दौरान आईजी, कलेक्टर और एसपी ने मिलकर सभी लोगों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। लोगों को मतदान करने और अच्छी सरकार बनाकर देश के विकास के बारे में बताया गया। इस दौरान वहां सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जहां आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित सभी लोगों ने सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर भी लगाया, ताकि लोगों तक शत-प्रतिशत मतदान का संदेश पहुंचे।
लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व चुनाव है- एसपी दुर्ग
एसपी दुर्ग जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे बड़ा पर्व है। हर मतदाता की जिम्मेदारी है कि वो मतदान करे। इतना ही नहीं उन्हें दूसरों को भी शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मेरी ये अपील है कि दुर्ग के सभी मतदाता 7 मई को अपने घरों से बाहर निकलें और एक अच्छी सरकार बनाने के लिए मतदान करें।
लोगों को जागरूक करने निकाली गई बाइक रैली
कलेक्टर ने कहा कि 7 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने एक बाइक रैली निकाली है। उन्होंने कहा कि चुनाव पर्व में न सिर्फ युवा, बल्कि बड़े-बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और युवा समेत सभी वर्ग इसमें भाग लें।




