Uncategorized

संसद मानसून सत्र का दूसरा दिन:बिहार वोटर लिस्ट मुद्दे पर विपक्षी सांसदों का संसद में प्रदर्शन; लोकसभा-राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित

By Dinesh chourasiya

संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा किया। विपक्ष ने बिहार में वोटर्स लिस्ट की जांच, स्पेशल इंटेसिव रिविजन (SIR) के खिलाफ सदन के अंदर और बाहर विरोध किया। सांसदों ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर PM के जवाब और सदन में चर्चा की भी मांग की।

पहले, लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने मकर द्वार पर संसद भवन की सीढ़ियों पर खड़े होकर बिहार SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह, राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने बिहार में वोटर्स लिस्ट की जांच पर चर्चा की मांग करते हुए नारे लगाए।

विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 23 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा और राज्यसभा की बैठक बुधवार को सुबह 11 बजे फिर से होगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष विरोध प्रदर्शन करके जनता का पैसा बर्बाद कर रहा है।

दूसरे दिन की कार्यवाही से पहले संसद भवन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर की बैठक हुई थी। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत अन्य मंत्री भी शामिल हुए। वहीं, I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं ने भी मीटिंग की।

विपक्षी सांसदों ने 'क्विट SIR', 'डेथ ऑफ डेमोक्रेसी' जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया।
लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया।
संसद सत्र के दौरान TMC सांसद महुआ मोइत्रा और भाजपा सांसद संबित पात्रा बात करते दिखे।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी मानसून सत्र में भाग लेने पहुंचीं।

Related Articles

Back to top button