भिलाई में पीडीएस चावल की तस्करी:2 दिन में दो जगहों पर छापेमारी, किराए के मकान था स्टोर, बड़ी मात्रा में सरकारी चावल जब्त
By Dinesh chourasiya
भिलाई में सरकारी राशन दुकानों में मिलने वाले पीडीएस चावल की तस्करी हो रही है। पुलिस ने दो दिन के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में पीडीएस चावल जब्त किया है। रविवार को भी कैंप क्षेत्र में एक मकान के अंदर से चावल की बोरियां मिलीं।







वैशाली नगर पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह सूचना मिली थी कि कैम्प-1 संग्राम चौक स्थित एक मकान में पीडीएस का चावल बड़ी मात्रा में स्टोर कर रखा गया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चावल को जब्त कर लिया। सूचना पर खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
किराए के मकान में रखे थे चावल




खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि यहां एक घर के कमरे में सफेद प्लास्टिक के कट्टों में बड़ी मात्रा में चावल रखा हुआ है। मकान मालिक से पूछने पर उसने बताया कि उसने एक दिन पहले ही मकान को किराया पर दिया है। उसी किरायदार ने चावल यहां रखा है। वो कौन है उसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। चावल का सैंपल लेकर उसकी जांच शुरू कर दी गई है।

नान का टेक्निकल असिस्टेंट करेगा चावल की जांच
खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि चावल एक ऐसी चीज है, जो मार्केट में खुले में और सार्वजनिक वितरण प्रणाली दोनों के तहत उपलब्ध है। इसकी जांच कर पाना कठिन है। इसके लिए नान को सूचना दी गई है। वहां से टेक्निकल असिस्टेंट को बुलवाया है।
चावल का सैंपल लिया गया है। वहां इसकी जांच की जाएगी। उसके बाद ही तय हो पाएगा की चावल पीडीएस का था या नहीं। उसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वैशाली नगर पुलिस ने मामला किया खाद्य विभाग के हवाले
वैशाली नगर थाना प्रभारी ममता शर्मा ने कहा कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी की एक घर में अवैध रूप से चावल रखा हुआ है। उन्होंने फूड विभाग को जानकारी दी है। फूड वाले मामले में कार्रवाई कर रहे हैं।
एक दिन पहले पकड़ा था जामुल पुलिस ने पीडीएस चावल
शनिवार को जामुल पुलिस हाउसिंग बोर्ड गुरुद्वारा के पास पीडीएस चावल से लदे एक ऑटो को जब्त किया था। इस ऑटो में करीब 13 क्विंटल चावल लदा था। उसके बाद ड्राइवर कोई जानकारी नहीं दे पाया। बाद में मामले को खाद्य विभाग के हवाले किया गया था।




