
भगवान श्रीराम के स्वागत में भगवामय हुआ दुर्ग-भिलाई:झंडों से सजे चौक-चौराहे और सड़कें, सैकड़ों जगह पर बनेगा भोग प्रसाद, श्री राम चौक बैकुंठ धाम आज कार्यक्रम
By Dinesh chourasiya
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दुर्ग और भिलाई पूरी तरह से भगवा मय हो गया है। पूरे शहर को भगवा रंग में रंग दिया गया है। यहां सैकड़ों मंदिर और चौराहे पर भगवान का भोग प्रसाद बनेगा। शहर में अलग-अलग आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है।
दरअसल, 21 जनवरी को राम भक्तों की बड़ी रैली निकाली गई। सोमवार को मुख्य आयोजन के लिए सभी मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई है। रात भर मंदिरों में लाइटिंग, डीजे के साथ ही भंडारे की व्यवस्था की जा रही है। रात में राम दर्शन से जुड़ी लाइटिंग झाकियां तैयार की गई हैं। अयोध्या मंदिर का स्टेच्यू भी बनाकर लगाया गया है।







श्रीराम चौक में जलेंगे 51 हजार दीप
श्रीराम चौक खुर्सीपार दशहरा मैदान में शाम 5.30 बजे 51,000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए 110 तेल के डिब्बे मंगाए गए हैं। श्री हनुमान चालीसा सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुबह से पूजा से संबंधित कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।
वहीं, खुर्सीपार स्थित दुर्गा मंदिर में 11 हजार दीप जलाने की तैयारी है। इसको लेकर कार्यक्रम के प्रमुख जयशंकर चौधरी ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने अपनी-अपनी जगह भी तय कर ली है। इस मौके पर हर घर में दीप जलाए जाएंगे।




बैकुंठधाम में भव्य मड़ई मेले का आयोजन
बैकुंठधाम भिलाई में विधायक रिकेश सेन और मंदिर समिति के सहयोग से विशाल मड़ई मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान दोपहर एक बजे तक प्रभु श्रीराम पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 से रात 10 बजे तक विराट हनुमान चालीसा और संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा।
शाम 6 बजे से भव्य दीप सजावट का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं रात 10 बजे छत्तीसगढ़ी लोक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 में जलेंगे 11 हजार दीप
सेक्टर-5 मार्केट गार्डन स्थित भद्रेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 1100 दीप जलाए जाएंगे। वहीं, सेक्टर-5 के ही हनुमान मंदिर में 1001 दीप जलाए जाएंगे। शाम 4 बजे से सत्यनारायण की पूजा, हवन और शाम 6 बजे महाआरती का इंतजाम किया गया है। वहीं महाभोग का भी वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं की टोली भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगी।
एलईडी लाइट से सजा गदा चौक
सुपेला के गदा चौक को रामभक्तों ने भगवामय कर दिया है। सुपेला घड़ी चौक से गदा चौक तक सड़क के दोनों तरफ भगवा रंग के झंडे लगाए गए हैं। इसके साथ-साथ एलईडी भी लगाई गई है। गदा चौक में गदा के चारों ओर भगवान श्रीराम के फोटो का बड़ा फ्लैक्स भी लगाया गया है। चौक को भी एलईडी लाइट से सजाया गया है।
इसके साथ ही नेहरू भवन रोड, सुपेला में भी व्यापारियों ने श्रीराम की प्राणप्रतिष्ठा के मौके पर मार्केट को भगवा झंडे से सजाया है। यहां आने जाने वाले लोग एक दूसरे को जय श्रीराम से संबोधित भी करते रहे। ऐसा ही दृश्य लक्ष्मी मार्केट में भी देखने को मिला।
यहां होगा भगवान की प्रतिमा का अनावरण
नगर पालिका, जामुल में सोमवार को भगवान श्रीराम और भगवान की शिव की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि इसके आसपास में सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
पावर हाउस में जलेंगे 11 हजार दीप
भिलाई पावर हाउस मार्केट में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। व्यापारियों और युवाओं की टीम ने रविवार को सुबह से ही मार्केट को झंड़ों से सजाना शुरू कर दिया था। इसके साथ ही रावण भाठा, सुपेला में भी 1101 दीप जलाए जाएंगे। वहीं शाम को प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर सांवरिया दाबेली चाट सेंटर ने भिलाई सेक्टर-7 में शाम 5 से रात 9 बजे तक विशाल गुपचुप भंडारा करेंगे। इस भंडारे में लोग जाकर खट्टे मिट्ठे गोलगप्पों का स्वाद लेंगे। हर एक गोलगप्पा को खाकर वो जय जय श्रीराम के नारे भी लगाएंगे।
बजरंगी निकालेंगे विशाल बाइक रैली
इस मौके पर प्रभु बजरंग बली की सेना बजरंगी एक विशाल बाइक रैली निकालेंगे। यह बाइक रैली सुपेला घड़ी चौक से शुरू होकर नेहरू भवन रोड, शिवाजी चौक काली मंदिर, रावणभाठा, स्पर्श हॉस्पिटल, गदा चौक, वैशाली नगर रोड, नेशनल हाइवे, घड़ी चौक सहित 24 अलग-अलग स्थानों से गुजरते हुए 25वें प्वाइंट हनुमान मंदिर में समाप्त होगी।
दुर्ग का इंदिरा मार्केट हुआ भगवामय
दुर्ग के इंदिरा मार्केट को काफी भव्य तरीके से सजाया गया है। बीजेपी और व्यापारियों के सहयोग पूरे मार्केट के ऊपर एक भगवा रंग की चादर बिछा दी गई है। यहां जाकर ऐसा लग रहा है मानो कोई भगवा रंग की नगरी में आ गए हो। वहां के सभी मंदिरों को फूलो और लाइटों से सजाया गया है।
सड़क किनारे आयोध्या राम मंदिर की झांकी बनाई गई है। साथ ही लाइटिंग के जरिए भगवान राम की बड़ी प्रतिमा लगाई गई है, जो काफी दूर से दिखाई दे रही है।




