छत्तीसगढ़

भूपेश बोले- छत्तीसगढ़ियों को कमजोर मत समझो साहेब:सुरेश धिंगानी के घर ईडी छापे पर कहा- पहले चरण का ​​एक्जिट पोल सुबह बता दिया

By Dinesh chourasiya

मुख्यमंत्री ने भिलाई-3 में पटाखा कारोबारी सुरेश ​धिंगानी के घर ईडी छापे पर प्रतिकिय्रा दी है। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा है ‘मुझे लगा था पहले चरण का एक्जिट पोल कुछ दिनों बाद पता चलेगा, लेकिन साहेब ने आज सुबह ही बता दिया, सुबह-सुबह ED को मेरे नामांकन के दौरान उपस्थित मेरी निर्वाचन प्रक्रिया में आधिकारिक व्यय लेखक की भूमिका निभा रहे सुरेश धिंगानी के यहां ED को भेज दिया’।

सीएम ने आगे लिखा है ‘पाटन विधानसभा की जनता को डराने की इस कोशिश में वैसी ही विफलता मिलेगी जैसी कल 20 सीटों पर मतदान में भाजपा को मिली। छत्तीसगढ़ियों को कमजोर और कायर मत समझो साहेब, अपना चावल खाते हैं, वो भी पूरे स्वाभिमान से’।

भूपेश बघेल का ट्वीट।
भूपेश बघेल का ट्वीट।

बता दें भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार 8 नवंबर की सुबह सरकार से जुड़े कुछ लोगों के करीबी और पटाखा व्यापारी सुरेश धिंगानी के घर दबिश दी। ईडी ने सुरेश के घर एक महीने में दूसरी बार छापामार कार्रवाई की है। कहा जा रहा है कि उन्हें महादेव और अन्य घोटालों के लेनदेन से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। इसी से जुड़े दस्तावेज खंगालने और पूछताछ करने टीम पहुंची है।

ईडी की 8-10 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह 6 बजे भिलाई-3 के पदुम नगर स्थित पटाखा कारोबारी और कांग्रेस नेता सुरेश धिंगानी के घर पहुंची। घर पहुंचते ही टीम ने सभी मेंबर को अंदर से बाहर और बाहर से अंदर आने की मनाही की। इस दौरान किसी तरह का बवाल न हो इसको देखते हुए सुरक्षा जवानों को भी घर के बाहर तैनात किया गया है।

आपको बता दें कि सुरेश धिंगानी थोक पटाखा व्यवसायी है। भिलाई तीन के पदुमनगर में उनके निवास से कुछ दूरी पर महादेव बुक से जुड़े और दुबई में बैठे सौरभ चंद्राकर के बिजनेस पार्टनर दीप सावलानी का घर भी है।

सुरेश के घर के बाहर तैनात सीआरपीएफ जवान।
सुरेश के घर के बाहर तैनात सीआरपीएफ जवान।

कहा जा रहा है कि ईडी को महादेव बुक की काली कमाई के अवैध लेन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले हैं। इसी के आधार पर वो एक महीने में दूसरी बार सुरेश धिंगानी के घर जांच के लिए पहुंची है। अगर उनके यहां पुख्ता सबूत मिलते हैं तो ईडी आगे की कार्रवाई भी कर सकती है। फिलहाल टीम सुरेश और उनके बेटे बंटी से पूछताछ कर रही है।

पटाखा कारोबारी सुरेश धिंगानी की दुकान।

एक महीने में दूसरी बार ईडी की रेड

इससे पहले 16 अक्टूबर की सुबह ईडी ने सुरेश घींगानी सहित दीपक सावलानी और चावल कारोबारी सुरेश कुकरेजा के घर छापेमारी की थी। उस समय कोई अहम दस्तावेज नहीं मिलने से जांच के बाद टीम लौट गई थी। लगभग 22 दिन बाद फिर से ईडी का सुरेश धिंगानी के घर आना किसी अहम क्लू की ओर संकेत करता है।

भिलाई से करोड़ों रुपए कैश मिलने के बाद ईडी एक्टिव

भिलाई के हाउसिंग बोर्ड निवासी और पेशे से ड्राइवर असीम दास उर्फ बप्पा के घर और होटल से करोड़ों रुपए मिलने के बाद ईडी भिलाई में अधिक एक्टिव हो गई है। उस घटना के बाद से ईडी की लगातार छापेमारी चल रही है। ईडी ने तीन चार दिन पहले ही राधिका नगर में दो बीएसपी कर्मियों और एक रिटायर्ड टीचर के घर भी छापा मारी थी। वहां वो सीएम के ओएसडी मनीष बंछोर से उनके संबंधों के बारे में पूछ रहे थे।

Related Articles

Back to top button