Uncategorized

भिलाई के सेक्टर 7 में फैला पीलिया.23 मरीज मिले,2 बच्चे ICU में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग ने लिया पानी का सैंपल, दवाईयां बांटी

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में पीलिया (जॉन्डिस) के संदिग्ध मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। यहां अब तक 23 संदिग्ध मरीज सामने आए हैं, जिनमें ज्यादातर बच्चे और किशोर हैं। प्रभावितों में 12 से 18 साल तक के बच्चे शामिल हैं। छह मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 5 मरीजों में पीलिया की पुष्टि की है और बाकी की जांच जारी है।

गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्वास्थ्य विभाग को सेक्टर-7 में पीलिया फैलने की सूचना मिली। इसके बाद जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिला नोडल अधिकारी सी.बी.एस. बंजारे और एपिडेमियोलॉजिस्ट की टीम ने सड़क नंबर 37A, 37B और 37C में घर-घर जाकर सर्वे किया। टीम ने मरीजों और उनके परिजनों से बात कर हालात की जानकारी ली और लोगों को जांच कराने की सलाह दी।

10 में से 5 घरों में हुई पु्ष्टि, सभी के सैंपल लेने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच के दौरान 10 घरों में से 5 घरों में पीलिया के मरीज मिले। इनमें एक मरीज का बिलीरुबिन 11.4 पाया गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इलाके में और भी मरीज हो सकते हैं, इसलिए लगातार सर्वे किया जा रहा है। इस क्षेत्र के सभी लोगों के सैंपल लेने के लिए निर्देश जारी किया गया है। पिछले तीन दिनों से टीम क्षेत्र में तैनात है और पानी के सैंपल लेकर जांच की जा रही है।

विभाग जांच में जुटी कि कैसे फैला पीलिया

जिला नोडल अधिकारी सी.बी.एस. बंजारे ने बताया कि पीलिया गंदे पानी, बाहर का खाना या अस्वच्छ खाने-पीने की वजह से भी हो सकता है। सिर्फ पानी को ही कारण नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि पानी की जांच के लिए सैंपल भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी उबालकर पिएं, बाहर का खुला खाना न खाएं और बुखार या कमजोरी होने पर तुरंत जांच कराएं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ पानी पीने, पानी उबालकर इस्तेमाल करने और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल जाने की अपील की है। विभाग का कहना है कि समय रहते सावधानी बरती जाए तो पीलिया के प्रकोप को रोका जा सकता है।

गंदे पानी की सप्लाई की वजह से फैली बीमारी स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पीलिया फैलने के पीछे गंदे पानी की सप्लाई को मुख्य कारण बताया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि सेक्टर-7 में पिछले कई सालों से गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। यहां 50 से 60 साल पुरानी पाइपलाइन बिछी हुई है और कई जगह सीवरेज लाइन जाम है, जिससे गंदा पानी पाइपलाइन में मिल जाता है। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने आकर शिकायत की थी कि उनके घरों में बच्चों को पीलिया हो गया है, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को फोन कर टीम भेजने को कहा।

2 मरीज आईसीयू में हैं भर्ती लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि इलाके में 22 से 23 बच्चे पीलिया से प्रभावित हैं, जिनमें 6 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और 2 ICU में हैं। कुछ बच्चों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-7 ही नहीं, सड़क नंबर 37 से लेकर 40 तक गंदे पानी की समस्या है और इस बारे में कई बार BSP को शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने BSP और HCL दोनों से जल्द समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि पाइपलाइन BSP की है, इसलिए सुधार का काम BSP को करना होगा। साथ ही उन्होंने विधायक और प्रशासन से वाटर एटीएम लगाने और पाइपलाइन सुधारने की मांग भी की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

जानिए… प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने क्या कहा

बाहर से पानी खरीदकर पीनी मजबूरी

पानी की समस्या तो बहुत ज्यादा है। पिछले 2 साल से समस्या बहुत ज्यादा है लेकिन अभी जो है 10-15 दिन से बहुत ज्यादा बढ़ गई है और बच्चों में पीलिया की समस्या बहुत ज्यादा हो गई है। बच्चे कुछ एडमिट हैं, आईसीयू में हैं और पानी इतना ज्यादा गंदा आ रहा है कि हमको बाहर से फिल्टर वाला पानी पैसे देकर हमको लेना पड़ रहा है। कीड़े, छोटे-छोटे इल्लियां हैं पूरे और मटमैला पानी आ रहा है, इस टाइप की समस्या है। हम लोग फिल्टर वाला पानी ले रहे हैं अभी आरओ वाला जो बाहर से मिलता है ना जार में, मजबूरी में अभी वह करना पड़ रहा है क्योंकि छोटे-छोटे बच्चे हैं घर में।

घर में सभी को पेट दर्द, बुखार और लूज मोशन की शिकायत वार्ड की सोनी पोद्दार ने बताया कि नल से गंदा पानी आ रहा है। पानी से बदबू भी आ रही है। सभी बच्चों को, बड़े को पेट में दर्द, बुखार, लूज मोशन की शिकायत है। अब एक सप्ताह, 15 दिन से चल ही रहा है, ठीक नहीं हो रहे। बहुत परेशान हैं हम लोग। थोड़ा पानी का व्यवस्था जरूरी है क्योंकि पानी ही तो हर एक चीज में पड़ता है—खाने में भी, पीने का भी, नहाने का भी। हर तरह से जाता है पानी शरीर में, इसलिए पानी साफ तो बहुत जरूरी है। हमारे दो लोगों को तो ज्यादा ही है, हमको थोड़ा कम है। दो लोगों को ज्यादा पेट दर्द भी है और लूज मोशन भी है। विभाग वाले पानी की सैंपल लेकर गए हैं। पानी में आ रहा कीड़ा वार्ड निवासी अंकिता वासनिक ने बताया कि गंदे पानी की समस्या पिछले दो सालों से है। लेकिन अभी कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। अब तक पानी में कीड़े आने लग गए हैं। बिल्कुल ऐसे मटमैला पानी आ रहा है। पीने लायक है ही नहीं पानी। जैसे अपन गुंडी में भर के रख रहे हैं तो नीचे में फिर थोड़ी देर में पूरी मिट्टी जमा हो जाती है और कपड़े में पूरा कीड़े हैं, वीडियो भी बना हुआ है हमारे पास में। ऐसा है। बच्चे बीमार हो गए हैं, आगे के बच्चे बहुत सारे बीमार हैं। पीलिया हुआ है।

Related Articles

Back to top button