Uncategorized

CG में रायगढ़ से भिलाई तक पैदल चलेंगे कांग्रेसी:‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान की शुरुआत, सचिन पायलट के नेतृत्व में शक्ति-प्रदर्शन मशाल रैली बाइक रैली भी

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए रायगढ़ से भिलाई तक पदयात्रा करेगी। यह पदयात्रा प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में 16 से 18 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी दी है।

इससे पहले, बिलासपुर में 9 सितंबर को कांग्रेस ने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा की थी। जिसमें सचिन पायलट की मौजूदगी में गुटबाजी नजर आई थी। पूर्व मंत्री डहरिया ने कहा था कि, कार्यकर्ता चमचे नहीं है। TS पर भूपेश ने इशारे-इशारे में कहा था कि, वोट चोरी से सरकार गई, मत बोलना काम नहीं किया। वहीं, अमरजीत से माइक छीन लिया गया था।

हस्ताक्षर अभियान, रैली और सभा का आयोजन

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत 16 सितंबर को रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और सभा से होगी। इसी दिन कोरबा में मशाल रैली आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। अभियान का समापन 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में कार्यक्रमों के माध्यम से होगा।

झारसुगड़ा से रायगढ़ पहुंचेंगे पायलट

सचिन पायलट 16 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे झारसुगड़ा हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। इस अभियान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के अलावा प्रभारी सचिवगण एस. सम्पत, जरिता लैतफंलाग, विजय जांगिड़ और अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके साथ ही कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय संगठन भी इस अभियान में हिस्सा लेंगे।

घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल रैलियां और बाइक रैली भी

तीन दिवसीय कार्यक्रम में केवल पदयात्रा और सभाएं ही नहीं होंगी, बल्कि लोगों के घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल रैलियां और बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। कांग्रेस का मकसद भाजपा सरकार की नीतियों और मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ जनता में जागरूकता फैलाना और आगामी चुनावों में विरोध दर्ज कराना है।

यह अभियान चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि, यह अभियान पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल जनता के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा, बल्कि भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का अवसर भी मिलेगा। अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की सुरक्षा और मतदाता अधिकारों की रक्षा करना है।

Related Articles

Back to top button