भिलाई में 5वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की खुदकुशी:: बड़े पिता के अस्थि विसर्जन में जाने से किया गया था मना, जांच में जुटी पुलिस
By Dinesh chourasiya

भिलाई के कुरूद इलाके में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की खुदकुशी का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनीष देवांगन के रूप में हुई है। घटना कुरूद के नवीन चौक के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्र के इस कदम के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।







कुछ दिन पहले बड़े पिता के अस्थि विसर्जन में जाने से किया था मना प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मनीष पांचवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले परिवार में बड़े पिता के अस्थि विसर्जन के लिए जाने को लेकर बात हुई थी। इस दौरान छात्र को वहां जाने से मना कर दिया गया था। अब इस घटना को खुदकुशी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।




पुलिस हर पहलू से कर रही जांच घटना की जानकारी मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है और घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले छात्र के साथ क्या परिस्थितियां बनी थीं और क्या किसी बात को लेकर वह परेशान था। फिलहाल पुलिस ने खुदकुशी के पीछे किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




