Uncategorized

परीक्षा दे रहे छात्रों पर गिरा प्लास्टर:3 विद्यार्थी घायल, एक के सिर में 3 टांके

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परीक्षा दे रहे छात्रों के ऊपर अचानक क्लासरूम की छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए। इनमें कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई है। उसके सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं। छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है।

हादसा उस समय हुआ, जब स्कूल में करीब 50 छात्र-छात्राएं 10वीं की संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे। अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिरा, जिससे परीक्षा दे रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में छात्रा का इलाज जारी है। अन्य दो बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी है।

छत का प्लास्टर गिरते ही मची अफरा-तफरी परीक्षा के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरने से कक्षा में मौजूद बच्चों में डर का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए परीक्षा भी प्रभावित हुई। स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने भेजा जांच दल घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल को स्कूल भेजा गया है। जांच टीम स्कूल भवन की स्थिति और छत के प्लास्टर गिरने के कारणों की जांच करेगी। यह भी देखा जा रहा है कि स्कूल भवन की हालत पहले से खराब थी या नहीं और क्या भवन की मरम्मत अथवा सुरक्षा को लेकर पहले कोई शिकायत सामने आई थी।

सरकारी स्कूलों की सुरक्षा पर उठे सवाल गनियारी के सरकारी स्कूल में परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त करीब 50 बच्चे एक ही कमरे में परीक्षा दे रहे थे। अचानक ऊपर से प्लास्टर गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल है।

शिक्षा मंत्री के गृह जिले में हादसा गनियारी हाईस्कूल में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब राज्य में सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। दुर्ग जिला स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का गृह जिला भी है। ऐसे में परीक्षा के दौरान सरकारी स्कूल की कक्षा में छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लहाल घायल छात्रा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्कूल भवन की छत की स्थिति क्या थी और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

 

Related Articles

Back to top button