Uncategorized

भिलाई के सेक्टर-2 में गटर में मिला नवजात शिशु:सीवरेज लाइन सफाई करने पहुंचे कर्मचारियों ने देखी लाश, जांच में जुटी पुलिस

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेक्टर-2 में सड़क नंबर 11 और 12 के बीच बुधवार को गटर की सफाई के दौरान करीब 3 दिन का नवजात शिशु मिला है। गटर जाम होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत बीएसपी प्रबंधन से की थी। इसके बाद गटर की सफाई का काम शुरू किया गया। सफाई के दौरान कर्मचारियों को गटर के अंदर नवजात शिशु दिखाई दिया।

नवजात की उम्र करीब दो से तीन दिन बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर भट्ठी थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गटर जाम होने पर कराई जा रही थी सफाई

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-2 में सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर जाम था। पानी निकासी प्रभावित होने के बाद स्थानीय लोगों की ओर से बीएसपी प्रबंधन को इसकी शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद गटर की सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान सफाईकर्मियों की नजर नवजात पर पड़ी।

पुलिस की मौजूदगी में निकाला जा रहा बच्चा

नवजात के गटर में मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नवजात को गटर से बाहर निकालने का काम किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

नवजात को गटर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर सकती है। साथ ही क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की आवाजाही के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। भट्ठी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button