
सेवा संकल्प अभियान को बनाएं प्रभावी और जनोन्मुखी: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में हो रही तैयारियों की सराहना
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़), 08 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए अभियान के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा अभियान के लिए की जा रही तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तैयारी, विभागों के बीच समन्वय और हितग्राहियों तक योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने देने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने विभागवार कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों, महिलाओं, किसानों, युवाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
तैयारियों की नियमित निगरानी के निर्देश
समीक्षा बैठक में शिविरों की व्यवस्था, हितग्राहियों की पहचान, विभागीय दायित्व, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया, योजनाओं के प्रचार-प्रसार और नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अभियान की तैयारियों की नियमित निगरानी करने तथा जनभागीदारी, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता और विभागीय समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्य, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।










