
सीएम हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से करें निराकरण: कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा
योगेश्वर रिपोर्टिंग पत्रकार







योगेश्वर रिपोर्टिंग पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़), 31 अगस्त 2026। बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागवार सीएम हेल्पलाइन आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण के बाद संबंधित आवेदकों से दूरभाष पर संपर्क कर उनकी संतुष्टि का फीडबैक भी लिया जाए।
मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की शिकायतों का एल-1 स्तर पर ही संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए और नियमानुसार उचित फीडबैक दर्ज किया जाए।
बैठक में शासन के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के आई-गोट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वयं तथा अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रत्येक माह न्यूनतम एक घंटे का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, कलेक्टर ने युवा आयोग के वेब पोर्टल पर आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ के लिए स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा और नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।






