CG में पनीर फैक्ट्री पर छापा, 300 किलो जब्त:एनालॉग पनीर बनाने की शिकायत पर एक्शन; जांच के लिए भेजे गए सैंपल
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नकली पनीर बनाने की शिकायत पर राजस्व, खाद्य-औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। करीब 3 एकड़ में चल रही इस फैक्ट्री में 300 किलो पनीर मिला है। टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। भालेसर रोड स्थित वैद्या फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में तैयार पनीर रायपुर और ओडिशा तक भेजा जा रहा था।







बता दें कि नकली पनीर और मिलावटी सामान के खिलाफ प्रदेश में आज (17 अगस्त) से फूड डिपार्टमेंट विशेष अभियान चला रहा है जो 23 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग जिलों में दुकानों, होटलों और फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे। जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।





कानपुर के शोभित की बताई जा रही फैक्ट्री
शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री कानपुर के रहने वाले शोभित की बताई जा रही है। रविवार देर रात जिला प्रशासन की टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी। इस दौरान वहां रीब 10 से 12 कारीगर काम कर रहे थे, जो कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले थे।
जांच के दौरान फैक्ट्री में 300 किलो पनीर मिला। उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह होने पर अधिकारियों ने तैयार पनीर को जब्त कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि भालेसर में यह फैक्ट्री करीब एक साल से संचालित हो रही थी।
टेस्ट के लिए भेजा जा रहा सैंपल
प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान करीब 300 किलो तैयार पनीर जब्त किया गया है। सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को अगले दिन सुबह नियमानुसार खोलकर पनीर की जांच की गई। अधिकारियों ने पनीर का सैंपल लिया है, जिसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा जा रहा है।
सैंपल रिपोर्ट से होगी स्थिति साफ
अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त पनीर खाद्य गुणवत्ता के तय मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। टीम ने पनीर बनाने की प्रक्रिया और उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री से जुड़ी जानकारी भी जुटाई है।
रायपुर और ओडिशा तक भेजा जा रहा था
जांच में फैक्ट्री से रायपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों और ओडिशा तक नकली पनीर भेजे जाने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि शोभित, रायपुर के प्रकाश देवांगन के साथ मिलकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पनीर की सप्लाई करता था।
संचालक ने कहा- प्लांट सील t हुआ
वैद्य फूड के संचालक शोभित सिंह ने बताया कि संस्थान में नियमित रूप से जांच होती है। उन्होंने कहा कि टीम ने रात में आकर प्रोडक्शन देखा और दूध से बने पनीर की जांच की।
संचालक के अनुसार प्लांट अभी सील नहीं किया गया है और सैंपल सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि पनीर गर्म होने के कारण मौके पर सैंपल का पंचनामा नहीं हो सका।








