भिलाई के इस होटल में खाद्य विभाग की छाया रसोई में गंदगी मिली, पंजीयन 10 दिन निलंबित
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में रक्षाबंधन से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। भिलाई के स्मृति नगर स्थित विश्वनाथ होटल की रसोई में भारी गंदगी मिलने पर पंजीयन 10 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया।
वहीं जांच में असुरक्षित पाए गए Lotte Choco Pie के एक विशेष बैच की दुर्ग जिले में बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है।








होटल की रसोई में मिली गंदगी, चटनी-मसाले के सैंपल लिए
खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले ने बताया कि विश्वनाथ होटल की साफ-सफाई को लेकर शिकायत मिली थी। टीम ने निरीक्षण किया तो किचन में भारी गंदगी मिली। इडली-डोसा बनाने की सामग्री भी अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही थी।
टीम ने मौके से नारियल चटनी, फली की चटनी और आलू मसाले के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।




होटल संचालक को किचन और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले स्थान की पूरी तरह सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। 10 दिन बाद भी होटल को स्वतः खोलने की अनुमति नहीं होगी। व्यवस्था सुधारने के बाद संचालक को विभाग में आवेदन करना होगा और निरीक्षण में सब कुछ संतोषजनक मिलने पर ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
Lotte Choco Pie के बैच NM10DC2 पर रोक
खाद्य विभाग ने Lotte Choco Pie, 672 ग्राम, बैच नंबर NM10DC2 पर भी कार्रवाई की है। इस बैच की निर्माण तिथि 10 अप्रैल 2026 और एक्सपायरी 9 अप्रैल 2027 है।
भोपाल की Cali Lab Pvt. Ltd. की जांच रिपोर्ट में निर्धारित सीमा से अधिक Preservatives (परिरक्षक) पाए गए। इसके बाद उत्पाद को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किया गया।
विभाग ने दुर्ग जिले में इस बैच की बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल रोक लगाते हुए वितरकों, थोक और खुदरा कारोबारियों को स्टॉक रोकने के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध माल को बाजार से वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
301 सैंपल में 19 अमानक
अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले के मुताबिक इस साल अब तक जिले में करीब 301 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें 19 सैंपल अमानक पाए गए, जबकि 17 मामलों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
रक्षाबंधन से पहले 7 दिन चलेगा विशेष अभियान
त्योहारी सीजन को देखते हुए सोमवार से ‘बने खाबो, बने रहीबो 2.0’ विशेष अभियान शुरू होगा। सात दिनों तक खाद्य प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई की जांच के साथ बड़ी संख्या में सैंपल लिए जाएंगे।
विभाग का विशेष फोकस खोवा, पनीर, मैदा, बेसन और खाद्य तेल पर रहेगा। अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान मिलावट और अस्वच्छता पर रोक लगाकर लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।





