
चारों हाउस के बीच देशभक्ति प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश*
शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय में देशभक्ति प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश







रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद। 8 अगस्त 2026 शासकीय आदर्श कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालोद में शनिवार की गतिविधि के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रीन, ब्लू, ऑरेंज एवं रेड हाउस के बीच देशभक्ति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताया गया। इसके पश्चात चारों हाउस की छात्राओं ने “आजादी का अर्थ और हमारी जिम्मेदारी” विषय पर 10 मिनट का देशभक्ति भाषण प्रस्तुत किया। छात्राओं ने अपने ओजपूर्ण विचारों से स्वतंत्रता के महत्व तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को रेखांकित किया। इसके बाद देशभक्ति कविता एवं गीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम की प्रभारी व्यायाम शिक्षक श्री सूर्यकांत सिन्हा रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में श्रीमती वर्षा यादव, श्रीमती रोशनी साहू एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री एम.के. थावरे उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को देश के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त व्याख्याता एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। चारों हाउस की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और देशभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।






