Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

स्मार्ट मीटर और ‘मोर बिजली’ ऐप से बिजली खपत में पारदर्शिता, ग्रामीणों ने बताया घटे बिल का अनुभव

ग्राम ओरमा में स्मार्ट मीटर से रोजाना बिजली खपत की जानकारी, सरपंच ने बताया—1200 रुपये से घटकर 600 रुपये हुआ मासिक बिल

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 07 अगस्त 2026। जिले के ग्राम पंचायत ओरमा में स्मार्ट मीटर और ‘मोर बिजली’ ऐप ग्रामीणों के लिए बिजली की खपत को समझने और उसके बेहतर उपयोग में सहायक साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार स्मार्ट मीटर लगने के बाद उन्हें प्रतिदिन बिजली खपत की जानकारी मोबाइल पर मिल रही है। इससे वे अपनी जरूरत के अनुसार बिजली उपकरणों का उपयोग कर बिजली की खपत को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजूलता साहू ने स्मार्ट मीटर को लेकर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले बिजली की खपत और बिल का सही आंकलन करना आसान नहीं था। स्मार्ट मीटर लगने और ‘मोर बिजली’ ऐप का उपयोग शुरू करने के बाद अब मोबाइल के माध्यम से प्रतिदिन बिजली की खपत की जानकारी मिल जाती है। इससे घर में बिजली से चलने वाले उपकरणों के उपयोग को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित करना आसान हुआ है।

सरपंच ने बताया कि गर्मी के दिनों में कूलर, पंखे सहित अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण उनके घर का बिजली बिल लगभग 1200 रुपये तक आया था। इसके बाद ऐप के माध्यम से प्रतिदिन बिजली खपत पर नजर रखते हुए उपकरणों का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग किया गया। उनके अनुसार, इसके परिणामस्वरूप पिछले महीने बिजली का बिल घटकर लगभग 600 रुपये रह गया। उन्होंने अन्य ग्रामीणों से भी स्मार्ट मीटर लगने के बाद ‘मोर बिजली’ ऐप का उपयोग करने की अपील की।

 

रोजाना बिजली खपत की जानकारी मोबाइल पर

 

ग्राम ओरमा के किसान श्री नंदकुमार साहू ने बताया कि उनके घर और दुकान में स्मार्ट मीटर लगा हुआ है। ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से वे अपने मोबाइल पर प्रतिदिन होने वाली बिजली खपत की जानकारी देख लेते हैं। इससे उन्हें यह समझने में मदद मिलती है कि किन उपकरणों के उपयोग से बिजली की खपत अधिक हो रही है और कहां बिजली की बचत की जा सकती है।

 

उन्होंने बताया कि गर्मी के दौरान कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग से बिजली का बिल बढ़ गया था। बाद में उपकरणों का समुचित उपयोग करने से बिजली की खपत में कमी आई और बिल भी कम हुआ। उन्होंने बताया कि ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से बिजली बिल का भुगतान भी आसानी से किया जा सकता है, जिसके लिए अब अलग से कहीं जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

 

ग्रामीणों को मिल रही खपत की पारदर्शी जानकारी

 

ग्राम ओरमा की श्रीमती कमलेश्वरी साहू और श्रीमती पेमिन साहू ने भी बताया कि उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली खपत की जानकारी मिलने से बिजली के उपयोग में पारदर्शिता आई है। उनके अनुसार, पिछले महीने बिजली की खपत कम रहने के कारण बिजली बिल भी अपेक्षाकृत कम आया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि ‘मोर बिजली’ ऐप में प्रतिदिन की बिजली खपत और अनुमानित खपत से संबंधित जानकारी मिलने के कारण उन्हें बिजली के उपयोग को समझने में सुविधा हो रही है। इससे वे आवश्यकता के अनुसार विद्युत उपकरणों का उपयोग कर बिजली बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

 

स्मार्ट मीटर और ऐप की जोड़ी बनी उपयोगी

 

ग्राम ओरमा के ग्रामीणों के अनुभव के अनुसार स्मार्ट मीटर और ‘मोर बिजली’ ऐप का संयोजन बिजली की खपत पर नजर रखने और डिजिटल माध्यम से बिजली संबंधी सेवाओं का उपयोग करने में सुविधाजनक साबित हो रहा है। प्रतिदिन की खपत की जानकारी उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को अपने बिजली उपयोग को बेहतर ढंग से समझने और आवश्यकता के अनुसार उसे नियंत्रित करने का अवसर मिल रहा है।

 

ग्रामीणों ने कहा कि बिजली की बचत केवल बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए भी जरूरी है। स्मार्ट मीटर और डिजिटल ऐप के माध्यम से मिलने वाली जानकारी उपभोक्ताओं को बिजली के प्रति अधिक जागरूक बनाने में मदद कर रही है।

Related Articles

Back to top button