
महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान: पथराटोला आंगनबाड़ी में लाभार्थी महिलाओं संग कलेक्टर ने किया पौधरोपण
पौधों के संरक्षण का दिलाया संकल्प, महिलाओं ने फोटो अपलोड कर प्राप्त किया वृक्षारोपण प्रमाण पत्र
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद। 30 जुलाई 2026 महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम पथराटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्टर ने उपस्थित महिलाओं से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पौधे का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए, पौधरोपण के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाईं तथा निर्धारित ऑनलाइन लिंक पर फोटो अपलोड कर वृक्षारोपण प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी बढ़ाना और हरित बालोद के संकल्प को साकार करना है।






