
डीएमएफ कार्यों की कलेक्टर ने की गहन समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया विशेष जोर
निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट और पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के दिए निर्देश








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 07 जुलाई 2026




कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर बालोद जिले में सत्र 2024-25 एवं 2025-26 में जिला खनिज संस्थान न्यास निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिला खनिज संस्थान न्यास निधि अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर कार्यों का सतत माॅनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, शिक्षा एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के अलावा अन्य संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिला खनिज संस्थान न्यास निधि अंतर्गत विकासखण्डवार स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के चयनित ग्रामों में हाईमास्ट लाईट लगाने के कार्य, आदिवासी छात्रावासों में ओपन जिम निर्माण तथा
बालोद विकासखण्ड के ग्राम बरही में पुलिया निर्माण एवं ग्राम पर्रेगुड़ा में मुक्तिधाम निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तथा जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली में प्रतीक्षा कक्ष निर्माण आदि विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम सिवनी में स्थित वृद्धाश्रम में आहता निर्माण तथा गुरूर विकासखण्ड के ग्राम हितेकसा में महिला स्व सहायता समूह द्वारा सेनेटरी पैड निर्माण के कार्य एवं ग्राम बैहाकुंआ में गली कांक्रिटीकरण कार्य के अलावा विकासखण्डवार निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को निर्माण कार्य के प्रगति की जानकारी निर्माण पोर्टल में फोटोग्राफ सहित अनिवार्य रूप से अपलोड करने के भी निर्देश दिए।





