दुर्ग में नीचे मिठाई की दुकान ऊपर लॉज में चल रहा था सेक्स-रैकेट दुर्ग के इंद्रा मार्केट में पुलिस की रेड, 6 पकड़ाए; पुराने कस्टमर को मिलती थी एंट्री
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस की टीम ने इंद्रा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में छापा मारा और इस रैकेट का खुलासा किया। मौके से 3 युवतियां और 3 कस्टमर पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ जारी है।







मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। लॉज के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की शॉप भी संचालित थी। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों को इसकी जानकारी थी। नए कस्टमर को यहां आने नहीं दिया जाता था, पुराने कस्टमर जिनके नंबर सेव थे बस उन्हें ही एंट्री मिलती थी। पुलिस को भनक लगी तो रेड मारी। मौके से आपत्तिजनक सामान भी मिले हैं।


अब जानिए पूरा मामला




जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन गाड़ियों में इंद्रा मार्केट पहुंची। इसके बाद जलाराम लॉज को घेरकर अंदर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की और मौके से अन्य सबूत भी जुटाए। देर शाम तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही।
ऊपर लॉज, नीचे मिठाई दुकान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस परिसर में कार्रवाई हुई, उसके नीचे मिठाई दुकान और आइसक्रीम पार्लर संचालित होती थी, जबकि ऊपर बने लॉज में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
दुकान संचालक से भी पूछताछ
पुलिस ने मौके से दुकान संचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके अलावा अंदर मौजूद तीन युवतियों और तीन ग्राहकों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कारोबार का संचालन कब से हो रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी।
केवल चुने हुए ग्राहकों को ही एंट्री
जांच में ये बात भी सामने आई है कि, लॉज में हर किसी की एंट्री नहीं थी। केवल उन्हीं लोगों को अंदर आने दिया जाता था, जिनका मोबाइल नंबर पहले से सेव रहता था। इससे आशंका जताई जा रही है कि पूरा काम प्लानिंग से संचालित हो रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है।
मौके से आपत्तिजनक सामान भी मिले
मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है और जांच के लिए सुरक्षित रखा है। बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के बाद होगा खुलासा
बता दें कि ये कार्रवाई एसीसीयू (ACCU) और कोतवाली थाना क्षेत्र की संयुक्त कार्रवाई थी। टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
…………………





