Uncategorized

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद दुर्ग में अलर्ट:भिलाई के कोचिंग-सेंटरों की SDRF-पुलिस ने की जांच, एक ही जगह पर 25 से ज्यादा कोचिंग

By Dinesh chourasiya

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद दुर्ग जिले में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम भिलाई के सिविक सेंटर पहुंची, वहां संचालित कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। सिविक सेंटर इलाके में 25 से ज्यादा कोचिंग सेंटर संचालित हैं, जहां हर दिन बड़ी संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं।

टीम कोचिंग सेंटरों में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम मौजूद हैं या नहीं, फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, छात्रों को बाहर निकालने की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों से सुरक्षा संबंधी दस्तावेज भी मांगे।

सभी प्रमुख कोचिंग सेंटरों की चल रही जांच

जिला नगर सेनानी नागेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख कोचिंग सेंटरों की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है या नहीं। जिन संस्थानों में किसी तरह की कमी मिलेगी, उन्हें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाएंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा प्रभावित न हो। इसके लिए भवन की संरचना, प्रवेश और निकास मार्गों के साथ-साथ फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति भी देखी जा रही है।

लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग से 15 छात्रों की मौत

दरअसल, हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में 15 छात्रों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद कई राज्यों में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में भी प्रशासन सक्रिय हुआ है।

एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम आने वाले दिनों में जिले के अन्य कोचिंग सेंटरों का भी निरीक्षण करेगी। अधिकारियों का कहना है कि, छात्रों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button