Uncategorized

CG में व्यापारी से 3.50 लाख की लूट:बाइक सवार बदमाशों ने युवक को रोका, चाकू-डंडे से हमलाकर लूटे कैश और सोने की चेन आरोपियों की तलाश में पुलिस

By Dinesh chourasiya

बिलासपुर में व्यापारी से करीब 3.50 लाख रुपए की लूट हो गई। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार को व्यापारी से करीब 3.50 लाख रुपए की लूट हो गई। घी लेने जाते समय चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया और डंडे-रॉड से हमला कर दिया।

हमले के बाद आरोपी व्यापारी से 1.60 लाख रुपए नकद, सोने की चेन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

घी खरीदने जा रहा था व्यापारी

दरअसल, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा में रहने वाले अभिषेक गुप्ता शाम करीब 4 बजे घी खरीदने के लिए कोनी स्थित देवभोग ऑफिस जा रहा था। भुगतान करने के लिए वह अपने साथ 1.60 लाख रुपए कैश लेकर बाइक से निकला था।

बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

हमला कर लूट की वारदात को दिया अंजाम

बदमाशों ने कारोबारी पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू और कटर दिखाकर डराया, वहीं रॉडनुमा हथियार और डंडे से मारपीट भी की। हमले से युवक घबरा गया और खुद को बचाने की कोशिश करता रहा।

हमले के बाद बदमाश युवक से 1.60 लाख रुपए कैश और करीब 16 ग्राम वजनी सोने की चेन लूटकर बाइक से फरार हो गए।

20 मिनट तक घायल हालत में पड़ा रहा युवक

अभिषेक ने बताया कि लूट और हमले के बाद वह खून से लथपथ हालत में करीब 20 मिनट तक सड़क किनारे पड़ा रहा। इस दौरान वह सदमे में था और मदद के लिए इंतजार करता रहा। कुछ देर बाद उसने शोर मचाकर लोगों का ध्यान खींचा और अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। इलाज कराने के बाद अभिषेक थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Articles

Back to top button