Uncategorized

कांग्रेस दफ्तर में I Love-You लिखकर चुराई टोंटियां, 3 अरेस्ट:एक लाख का सामान 600 में बेचा, पुलिस नहीं पकड़ सकी, आरोपी को तो युकां नेता ने दबोचा

By Dinesh chourasiya

अंबिकापुर में कांग्रेस दफ्तर से नल की टोंटी चोरी करने वाले 3 आरोपी पकड़े गए हैं। 20 दिन पहले कलेक्टोरेट चौक स्थित राजीव भवन में 73 नलों की टोंटियां गायब हो गई थीं। नल उखाड़ने के बाद चोरों ने बाथरूम के फर्श पर ‘I Love You’ लिख दिया था।

थाने में शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच गुरुवार को युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ने आरोपियों को पकड़ा और थाने ले गए।

बताया जा रहा है दफ्तर में लगी टोंटी हेवी क्वालिटी की थी, जिसकी कीमत लाखों में थी, लेकिन चोरों ने शराब पीने के लिए इसे कबाड़ में 600 में बेच दिया था। बाद में पुलिस ने टोंटी खरीदने वाले को भी पकड़ा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

खरीदार कारोबारी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार।

I Love You लिखने पर चर्चा का विषय बना

जानकारी के अनुसार, 14 मई की रात अज्ञात चोर राजीव भवन में घुस गए थे। चोरों ने दफ्तर के बाथरूम और वॉश बेसिन में लगे 73 नलों की टोंटियां उखाड़ ली थीं। वारदात के दौरान चोरों ने फर्श पर ‘आई लव यू’ भी लिख दिया था, जिससे घटना और भी चर्चा का विषय बन गई।

पुलिस से पहले कांग्रेस ने पकड़े आरोपी

घटना की रिपोर्ट कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि कई दिनों तक पुलिस आरोपियों का पता नहीं लगा सकी। इसी बीच 4 जून की सुबह युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास केसरी ने चौपाटी क्षेत्र में 2 संदिग्ध युवकों को देखा।

शक होने पर उन्होंने दोनों से कांग्रेस कार्यालय में हुई चोरी के बारे में पूछताछ की। पहले तो दोनों ने घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में भागने की कोशिश करने पर विकास केसरी ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपियों में ये शामिल

  1. शिव दास (19)
  2. विष्णु यादव (19)
  3. श्याम अग्रवाल, व्यवसायी

पूछताछ में कबूला चोरी का जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों ने कांग्रेस कार्यालय से नलों की टोंटियां चोरी करना स्वीकार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई टोटियां उन्होंने जयस्तंभ चौक निवासी व्यवसायी श्याम अग्रवाल को बेच दी थीं। दोनों युवक पहले भी कांग्रेस कार्यालय के आसपास घूमते देखे जाते थे। जिस कारण उन पर संदेह हुआ था।

चोरी का माल खरीदने वाला कारोबारी भी गिरफ्तार

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नलों की टोंटियां खरीदने वाले व्यवसायी श्याम अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।

2 साल में तीसरी बार हुई चोरी

राजीव भवन में पिछले 2 साल में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले हुई दो चोरी की घटनाओं के आरोपी अब तक नहीं पकड़े जा सके हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस बार भी पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिसके कारण जांच आगे नहीं बढ़ पाई।

Related Articles

Back to top button