NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन.NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, देवेंद्र यादव का कुर्ता फटा,
By Dinesh chourasiya
नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले में बिलासपुर में NSUI ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने के लिए निकले। पुलिस ने सांसद बंगले से काफी पहले ही मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।







इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। उग्र होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रदर्शन के समापन से पहले NSUI नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर ऑफिस की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। 12 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें मुचलके पर छोड़ा गया है।




वहीं लाठीचार्ज में 6 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान धक्कामुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
सिम्स अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पुलिस कार्रवाई को बर्बर बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि छात्रों पर FIR दर्ज की गई, तो संगठन भी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।
इस मामले पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यूथ कांग्रेस यानी गुंडों की टोली। ये नैतिकता बताने निकले हैं। छत्तीसगढ़ में 5 साल इनकी सरकार थी। व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुए। तब इन्होंने कोई सवाल क्यों नहीं उठाया। आज नैतिकता की बात कर रहे हैं।
पीसीसी चीफ दीपक बैज के मुताबिक लाठीचार्ज से 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जो लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग करते हुए राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।







केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने प्रदर्शन
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कांग्रेस और छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर में रैली निकाली। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और देश की परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने की मांग कर रहे थे।
NSUI और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के माध्यम से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
50 से अधिक कार्यकर्ता घायल- बैज
दीपक बैज ने लाठीचार्ज की घटना पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि, परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर शांतिपूर्वक घेराव था।
इस घेराव में सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया है। इसकी कड़ी निंदा करता हूं। 50 से अधिकारी छात्र पुलिस के लाठीचार्ज से घायल हुए है। क्या लोकतंत्र में आवाज नहीं उठाया जा सकता है।
प्रदेश में सुशासन नाम मात्र का है। अपराध रुक नहीं रहा। लाठीचार्ज घटना की घोर निंदा करता हूं। जो भी अधिकारी इस घटनाक्रम के पीछे दोषी है, उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए




