Uncategorized

CG के खैरागढ़ में चलती कार पर गिरी पेड़ की डाल:ओवरलोड ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा, बाल-बाल बचा पटवारी

By Dinesh chourasiya

खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। अमलीडीह खुर्द के पास चलती कार पर अचानक पेड़ की विशाल डाल गिर गई। इस घटना में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक पटवारी दिव्यांश राजपूत सुरक्षित बच गए। यह हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ।

पटवारी दिव्यांश राजपूत अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (CG 07 BC 8100) से डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पुराने टायरों से ओवरलोड एक ट्रक ने सड़क किनारे झुकी हुई पेड़ की डाल को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से डाल टूटकर सीधे पीछे चल रही पटवारी की कार पर आ गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डाल इतनी भारी थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह दब गया। यदि कार में पीछे कोई यात्री बैठा होता तो यह हादसा जानलेवा हो सकता था। सूचना मिलने पर खैरागढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से गिरी डाल को हटाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को थाने लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि सड़क किनारे स्थित यह पेड़ लंबे समय से खतरनाक स्थिति में था। इसकी झुकी और सूखी डालियों को हटाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल हादसे के बाद औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय पूरे मार्ग का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। सूखे और झुके पेड़ों की तत्काल छंटाई हो, ताकि अगली बार कोई परिवार इस तरह की लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर न चुकाए।

Related Articles

Back to top button