Uncategorized

रायपुर में आज RCB vs MI की टक्कर:बारिश की आशंका,  स्टेडियम तक पहुंचने देखें रूट चार्ट

By Dinesh chourasiya

रायपुर में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले IPL मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह है। वहीं इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। रायपुर में आज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि शाम के वक्त बादल बने रहेंगे, लेकिन बारिश पिछली शाम की तरह नहीं होगी। हल्की धूल भरी हवा चलने की संभावना है। यानी बारिश ने खलल भी डाला तो मैच रद्द होने वाली स्थिति नहीं बनेगी।

वहीं ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम तक जाने का रूट मैप जारी किया है, जिसके मुताबिक पार्किंग से स्टेडियम तक की दूरी डेढ़ 2 किलोमीटर है। बता दें कि स्टेडियम के गेट दोपहर साढ़े 3 बजे खुलेंगे। शाम साढ़े 7 बजे मैच शुरू होगा। मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं। गेट पर QR कोड का एक्सेस मिलेगा, जिससे एंट्री की जा सकेगी।

पिछले मुकाबलों का एनालिसिस करें तो रायपुर में अब तक खेले गए 6 IPL मैचों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम केवल 2 मैच जीत सकी। इससे साफ है कि रायपुर की पिच दूसरी पारी में बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित हुई।

बारिश के चलते आउट फील्ड में नमी की संभावना

शनिवार शाम रायपुर में अच्छी बारिश हुई है। ऐसे में पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी रहने की संभावना है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिल सकती है, जबकि नई गेंद थोड़ी रुककर भी आ सकती है। शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को सेट होने में समय लग सकता है।

टॉस की भूमिका फिर भी अहम रहेगी

बारिश के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकते हैं, ताकि पिच के शुरुआती मूवमेंट का फायदा उठाया जा सके। हालांकि, मैच आगे बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो सकती है।

अगर पिच में नमी बनी रहती है, तो धीमे गेंदबाजों और स्पिनर्स को भी ग्रिप और टर्न मिल सकता है। खासकर मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट लगाना आसान नहीं रहेगा।

पिच और आउटफिल्ड में नही होने के कारण तेज गेंदबाजों को मिलेगी मदद।

QR कोड के जरिए मैदान के अंदर मिलेगा एक्सेस

मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं। इन टिकटों को फिजिकल टिकट में रिडीम करने की जरूरत नहीं होगी। दर्शकों को एंट्री के लिए QR कोड मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही दिखाई देगा।

इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।

गेट खुलने का समय और एंट्री सिस्टम

स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे। दर्शकों को अपने टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश करना होगा। ये सारी जानकारी आपको अपने खरीदी हुई टिकट में भी देखने को मिलेगी। दोबारा एंट्री (Re-entry) की अनुमति नहीं होगी।

वहीं 2 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी होगा। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे मैच के दिन समय से पहले पहुंचे और QR कोड एक्टिव होने के बाद ही एंट्री के लिए तैयार रहें।

पुलिस ने जारी किया रूट मैप

इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शकों की भीड़ अलग-अलग शहरों और जिलों से आने वाले हैं। इस दौरान जाम की स्थिति न बने और दर्शक समय पर स्टेडियम पहुंच सकें, इसके लिए खास ट्रैफिक व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button