Uncategorized

भिलाई के सिम्पलेक्स कास्टिंग की डायरेक्टर संगीता-केतन शाह सहित उनके पति पर कोर्ट के आदेश के बाद FIR मामला जमीन घोटाला से जुड़ा 

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सुपेला थाने में सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। रसूखदार होने के कारण महीनों तक शिकायत पुलिस की फाइलों में दबी रही। अब कोर्ट के हस्ताक्षेप के बाद कार्रवाई की गई है।

आरोप है कि, आरोपियों ने ग्राम कोहका की विवादित जमीन को विवाद मुक्त बताकर 50 लाख में सौदा किया। 10 लाख एडवांस भी लिए, लेकिन बाद में रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया। उसके बाद उसी जमीन पर 4.5 करोड़ का लोन ले लिया।

पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद धारा 406, 420, 468 और 471 समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़ित सुनील कुमार सोमन का आरोप है कि, कई महीनों तक शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

जमीन विवादित निकली, खरीदार से छिपाई जानकारी

प्रार्थी सुनील कुमार सोमन के मुताबिक, 13 मार्च 2023 को इकरारनामा हुआ था। आरोपी पक्ष ने ग्राम कोहका स्थित करीब 0.10 हेक्टेयर जमीन को पूरी तरह साफ और विवाद मुक्त बताया था। 50 लाख में सौदा और 10 लाख एडवांस लेने के बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही रकम लौटाई गई।

बाद में जांच में पता चला कि, जिस जमीन को बेचा जा रहा था, वह पहले से किराए और लीज विवाद में फंसी हुई थी। आरोप है कि यह जानकारी जानबूझकर खरीदार से छिपाई गई।

उसी जमीन पर 4.5 करोड़ का लोन लेने का आरोप

शिकायत में यह भी सामने आया कि, उसी जमीन के दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपए का लोन लिया गया था।

प्रार्थी का कहना है कि यदि जमीन पहले से बैंक में मॉर्गेज थी, तो इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए थी। कोर्ट ने दस्तावेजों की जांच के बाद पहली नजर में धोखाधड़ी का मामला मानते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।

रसूख की वजह से नहीं हुई सुनवाई

सुनील कुमार सोमन ने आरोप लगाया कि, संगीता केतन शाह की राजनीतिक और कारोबारी पहुंच होने के कारण पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। उन्होंने बताया कि वे 4-5 महीने तक थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत दी गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार कोर्ट में आवेदन लगाने के बाद पुलिस को FIR दर्ज करनी पड़ी। जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। फिलहाल सुपेला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नेताओं के साथ फोटो वायरल

मामला दर्ज होने के बाद संगीता केतन शाह और उनके पति के कई नेताओं के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि संगीता शाह पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button