Uncategorized

दुर्ग निगम के कर्मचारी ने देवी-देवताओं को दी गाली,लोगों ने पीटा,कपड़े फाड़े:हिंदू संगठनों का हंगामा, निगम ऑफिस से खींचकर बाहर निकाला फिर की पिटाई, केस दर्ज

By Dinesh chourasiya

 दुर्ग नगर निगम के कर्मचारी ने हिंदू देवी-देवताओं और गुरुओं पर अभद्र टिप्पणी की। कर्मचारी का निगम की एक महिला कर्मचारी के साथ व्हाट्सएप चैट सामने आया। व्हाट्सएप चैट वायरल होने के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क गए। वे निगम कार्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।

गुस्साए हिंदू संगठन के कार्यकर्ता निगम आयुक्त के ऑफिस में बैठे कर्मचारी को खींचकर बाहर ले आए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके कपड़े भी फाड़ दिए।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारी को भीड़ से बचाया। फिलहाल बजरंग दल ने थाने में निगम कर्मचारी खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह मामला पदमनाभपुर थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

दरअसल, दुर्ग नगर निगम में गौतम साहू निगम आयुक्त के निजी सहायक के तौर पर प्लेसमेंट कर्मचारी के पद पर काम कर रहा है। उसका निगम की एक महिला कर्मचारी के साथ निजी व्हाट्सएप चैट से सामने आया। इस चैट में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

व्हाट्सएप चैट वायरल होने के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। वे तुरंत निगम ऑफिस पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने निगम ऑफिस में बैठे कर्मचारी गौतम साहू को कार्यालय से बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान साहू के कपड़े फट गए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने गौतम साहू को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।

बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन ने कहा कि एक जिहादी मानसिकता का एक व्यक्ति है गौतम साहू। निगम आयुक्त के ऑफिस में काम करता है। वो चैट में हमारे देवी-देवताओं जिसमें हनुमानजी, उज्जैन के महाकाल बाबा और नीम करौली बाबा के बारे में गालियां दे रहा था।

संगठन के अनुसार, महिला कर्मचारी ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे यह चैट हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई। इसके बाद दोपहर लगभग 1 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निगम दफ्तर पहुंचे और गौतम साहू को पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना से निगम कार्यालय में कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित हुआ।

बजरंग दल के जिला मंत्री राकेश तिवारी ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गौतम साहू खुद को अधिकारियों का करीबी बताकर निगम में प्रभाव दिखाता था। संगठन ने एक प्लेसमेंट कर्मचारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर भी सवाल उठाया।

Related Articles

Back to top button