Uncategorized

रायपुर में घर से मिला बम बनाने का समान:एयरगन-बैटरी-कैमिकल बरामद, मितानिन के घर रिश्तेदार ने छोड़ा; कांग्रेस नेता के साले पर शक

By Dinesh chourasiya

रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिला है। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम वार्ड नंबर-13 में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मौके पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बैग से बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर नुमा सामान बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। डीसीपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार यह सामान विनय देवांगन नाम के शख्स का बताया जा रहा है, जो किसी कांग्रेस नेता का साला है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही मामले में खुलासा करेगी। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

मामले की जानकारी मिलते ही बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान एक संदिग्ध बैग से बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर नुमा सामान बरामद किया गया।

मितानिन का है मकान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उनके परिवार का बीरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है। बुधवार की शाम विनय मितानिन के घर बैग लेकर पहुंचा था।

उसने कहा कि वह बैग अभी कुछ समय के लिए यहां रख रहा है और बाद में ले जाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। मितानिन को इस पर शक हुआ, तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी।

स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे पार्षद

सूचना मिलने पर अश्वनी यादव रात में मितानिन के घर पहुंचे और सुबह आने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए। बुधवार की सुबह 8 बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर जांच की।

जांच के दौरान उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला। इसके बाद पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी

मामले की जांच पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस विनय देवांगन का यह सामान बताया जा रहा है, वह कांग्रेस नेता का साला है। पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड ने संदिग्ध सामग्री की जांच की। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घर में मौजूद लोगों से पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button