Uncategorized

रायपुर-बिलासपुर रायगढ़ में बारिश, गर्मी से मिली राहत:गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट, कोंडागांव में बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौत

By Dinesh chourasiya

रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में रविवार सुबह तेज बारिश हुई। इसके कुछ समय बाद धूप खिल गई। तापमान में कमी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन उमस का भी सामना करना पड़ रहा है।

पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश की कुछ जगहों पर तेज आंधी और बारिश हुई है। मुख्य तौर पर नांगुर में 30 मिमी और जगदलपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं कोंडागांव जिले में शनिवार को बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौत हो गई। घटना ग्राम बेतबेड़ा के जंगल की है।

सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान दुर्ग में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ की अलग-अलग जगहों पर बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की स्थिति बने रहने की आशंका है।

इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रायपुर की बात करें तो 5 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button