Uncategorized

बिलासपुर में बर्ड फ्लू, सोसायटी के बाहर फेंके मरे मुर्गे:बदबू से परेशान हुए रहवासी, संक्रमण फैलने का बढ़ा खतरा; रायगढ़ में भी अलर्ट

By Dinesh chourasiya

बिलासपुर जिले में 5 हजार मुर्गियों की मौत के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। वायरस मिलने के बाद प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। खमतराई इलाके में ड्रीम सिटी कॉलोनी के पास 30-35 मरे हुए मुर्गे फेंके मिले हैं। प्रशासन ने दावा किया था कि मरे मुर्गे दफनाए गए हैं, लेकिन इसी बीच बोरियों में मरी हुई मुर्गियां मिली। इलाके में बदबू से परेशान लोगों ने इसे तुरंत हटाने की मांग की है।

बता दें कि कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले 5 दिन में 5 हजार से अधिक मुर्गें-मुर्गियों की मौत हो गई थी। भोपाल लैब में जांच के बाद बर्ड फ्लू संक्रमण की बात सामने आई है। एहतियात के तौर पर पूरे पोल्ट्री फार्म को बंद कर दिया गया है। इस घटना के बाद रायगढ़ जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है।

सरकार करती है पोल्ट्री फार्म का संचालन

कोनी के कुक्कुट पालन परिसर में पोल्ट्री फार्म का संचालन सरकार करती है। जिसमें अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के किसान मुर्गी पालन करते हैं। सरकार की तरफ से उन्हें चूजे उपलब्ध कराए जाते हैं। यहां करीब 6 हजार से अधिक नस्लों के मुर्गे-मुर्गियों का प्रजनन और पालन किया जाता है।

18 मार्च से शुरू हुआ मौत का सिलसिला

जानकारी के मुताबिक, 18 मार्च से पोल्ट्री शेड में रखे मुर्गें-मुर्गियों की मौत शुरू हुई थी। शुरुआती दिनों में संख्या कम थी, लेकिन धीरे-धीरे यह बढ़ती गई और पांच दिनों के अंदर करीब 5 हजार पक्षियों की मौत हो गई।

पोल्ट्री फार्म के प्रबंधक डॉ. संजय राज ने शुरुआत में मामले को सामान्य बीमारी माना था। बाद में मौतों की संख्या बढ़ने पर इसकी जानकारी संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर को दी गई। इसके बाद मामले से कलेक्टर संजय अग्रवाल को भी दी गई।

खमतराई सोसायटी के बाहर फेंकी मिली मरी मुर्गी

इस घटना के बाद कोनी में फार्म के आसपास 5 किलोमीटर का दायरा संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं, मरे हुए मुर्गें-मुर्गियों और 20 हजार अंडों को नष्ट किया गया है। लेकिन इसी बीच कुछ मुर्गे खमतराई इलाके में फेंके मिले। नाली में बोरियों में बांधकर इसे फेंका गया है। जिससे रहवासी बदबू से परेशान है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल इसे हटाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button