
दुर्ग जिले में एक्सीडेंट हॉट स्पॉट की जांच करने पहुंचे दुर्ग एसएसपी:ट्रैफिक साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर के साथ तेज रफ्तार पर लगाम लगाने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप्स लगाने दिए निर्देश
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने चिन्हित एक्सीडेंट हॉट स्पॉट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए।







एसएसपी ने कहा कि जिन जगहों पर दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं वहां चेतावनी और सूचना देने वाले संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके। इसके अलावा तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप्स लगाने के लिए भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश भी दिए गए।




पिछले एक साल में इस मार्ग पर हुई कई दुर्घटनाएं पिछले एक साल में जामगांव आर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कई सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें कई ग्रामीणों की जान भी गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है जहां हादसों की आशंका ज्यादा रहती है। इन जगहों को एक्सीडेंट हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने ग्राम किकिरमेटा, बेल्हारी, कुम्हली और पौहा की सड़कों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर जाकर सड़क की स्थिति, मोड़ों, दृश्यता और ट्रैफिक की स्थिति को देखा। साथ ही यह भी समझा कि किन कारणों से इन जगहों पर दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं।
ट्रैफिक साइन बोर्ड लगाने भी दिए निर्देश एसएसपी ने सड़क पर अंधे मोड़ों और संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर, कैट आई और चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को सड़क स्पष्ट दिखाई दे सके। इसके साथ ही जहां जरूरत हो वहां स्ट्रीट लाइट लगाने की भी बात कही गई, जिससे रात में दुर्घटना की संभावना कम हो सके।
सड़क किनारे झाड़ियां या ऐसे अवरोध जो वाहन चालकों की दृश्यता को प्रभावित करते हैं, उन्हें हटाने के लिए भी संबंधित विभागों को कहा गया है। अधिकारियों का मानना है कि सड़क के किनारे साफ रहने से वाहन चालक दूर तक देख सकेंगे और हादसों की संभावना कम होगी। इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पाटन अनूप लकड़ा, थाना प्रभारी जामगांव आर और पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहे।




