
चैत्र नवरात्र पर डोंगरगढ़ में 10 ट्रेनों का स्टॉपेज:19-27 मार्च तक 4 मेमू पैसेंजर का विस्तार, गोंदिया तक जाएगी लोकल, डोंगरगढ़-दुर्ग स्पेशल ट्रेन चलेगी
By Dinesh chourasiya
इस बार चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहा है। नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज किया है। इसमें लंबी दूरी की गाड़ियां भी शामिल हैं। यह सुविधा 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रभावी रहेगी।







वहीं, चार लोकल ट्रेनों का विस्तार किया गया है। जबकि, डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
नवरात्र में डोंगरगढ़ में कुछ ट्रेनों का स्टॉपेज और स्पेशल ट्रेन भी




हर साल की तरह इस साल भी डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्र के मौके पर मेला लगेगा। इस दौरान ट्रेनों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है, क्योंकि चैत्र नवरात्रि में बड़ी संख्या में लोग मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। इसके तहत कुछ ट्रेनों का अस्थायी स्टॉपेज दिया गया है, कुछ ट्रेनों का रूट बढ़ाया गया है और एक मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाने का फैसला लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी हो सके।
ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन की सुविधा
– 68742 / 68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेजर को रायपुर तक विस्तारित की जा रही है।
– 68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ-रायपुर मेमू पैसेजर का गोंदिया तक विस्तार किया जा रहा है।
– 06886/06885 डोंगरगढ-दुर्ग-डोंगरगढ मेमू पैसेजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।
एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ में स्टॉपेज…



श्रद्धालुओं के लिए इलाज, खाने-पीने समेत कई सुविधाएं
इधर, चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सभी विभाग मिलकर काम करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो। खास तौर पर स्वास्थ्य और मेडिकल सुविधाओं पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की हैं। रास्ते में ओआरएस घोल और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। पदयात्रियों के पैरों में छाले होने पर उनके इलाज के लिए मरहम-पट्टी की भी व्यवस्था रहेगी।
अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को आराम करने की जगह, पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की सुविधा आसानी से मिलेगी।
डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प
नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। मंदिर परिसर, सीढ़ियों और मेला स्थल पर लगातार साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए पेयजल और बिजली की सप्लाई सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाइयों और अन्य खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंदिर परिसर में रहेगा भारी पुलिस बल
नवरात्र के दौरान सुरक्षा के लिए मेला स्थल और मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले की निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था ठीक रखने के लिए दुर्घटना संभावित जगहों पर रेडियम संकेतक, रिफ्लेक्टर और अस्थायी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
साथ ही रोपवे की तकनीकी सुरक्षा को लेकर ट्रस्ट से फिटनेस सर्टिफिकेट और मेंटेनेंस की जानकारी ली गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी मेले में तैनात रहेगी।




