Uncategorized

दुर्ग जिले में दो जगह संदिग्ध हालात में मिले 2 लाश :खेत में मिली किसान की लाश, शिवनाथ नदी में पुल के नीचे मिला अज्ञात शव जाँच में जुटी पुलिस

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में शनिवार को अलग-अलग थाना इलाके में दो शव मिले हैं। पहला मामला रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा का है, जहां किसान की लाश उसके ही खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। किसान के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

वहीं दूसरा मामला जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र का है, जहां चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।

खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली किसान की लाश।

रानीतराई में हत्या की जताई जा रही आशंका

रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम केसरा में शनिवार की शाम को किसान की लाश उसके ही खेत में ग्रामीणों ने देखी। उसकी पहचान केसरा निवासी अमरसिंह साहू (50) पिता कार्तिक साहू के रूप में हुई। घटना की सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

सिर पर गंभीर चोट के मिले निशान

शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। चोट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया होगा। हत्या की आंशका को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचे घटना स्थल

शनिवार को लाश मिलने के बाद फॉरेंसिक की टीम भी घटना स्थल पहुंची और मौके पर साक्ष्य को एकत्रित किया। रविवार को पुलिस के अधिकारी और जवान दोबारा घटना स्थल पर पहुंचे और घटना स्थल की बारीकी से जांच की।

डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाटन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शिवनाथ नदी किनारे संदिग्ध हालत में मिला अज्ञात शव।

शिवनाथ नदी पुल के नीचे मिला अज्ञात शव

इधर, दुर्ग शहर के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में भी एक व्यक्ति का शव मिला है। शनिवार को लोगों ने चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति की लाश देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 साल के बीच बताई जा रही है।

शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना से लिखा हुआ है। जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button