Uncategorized

जिले में वैलेंटाइन डे पर दुर्ग पुलिस अलर्ट मोड पर  ▪️ वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिले में विशेष सुरक्षा लागू ▪️ 01 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 05 नगर पुलिस अधीक्षक एवं 30 थाना प्रभारियों की ड्यूटी निर्धारित ▪️ 33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां एवं 21 फिक्स प्वाइंट स्थापित ▪️ महिला सुरक्षा टीम को पृथक रूप से संवेदनशील स्थलों पर तैनात किया गया

By Dinesh chourasiya

 

दिनांक 14.02.2026 को वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिला दुर्ग में कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

संपूर्ण जिले में पर्यवेक्षण हेतु 01 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 05 नगर पुलिस अधीक्षक एवं 30 थाना प्रभारियों को उनके-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने अनुभाग में निरंतर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।

जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में 33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जो पार्क, गार्डन, मॉल, प्रमुख बाजार, पर्यटन स्थल एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतत गश्त करेंगी। इसके अतिरिक्त 21 प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है, जहां पुलिस बल निरंतर उपस्थिति बनाए रखेगा।

महिला सुरक्षा टीम को पृथक रूप से तैनात कर पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। डायल-112, कंट्रोल रूम एवं रिजर्व बल को त्वरित प्रतिक्रिया हेतु अलर्ट मोड में रखा गया है।

यातायात शाखा द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल लगाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष योजना लागू की गई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग अथवा कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं मर्यादा बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। कानून व्यवस्था से समझौता करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

—0000—

Related Articles

Back to top button