Uncategorized

दुर्ग में चोरी के दो मामले:शिक्षक के सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर-बर्तन चोरी, शादी समारोह के दौरान बाइक ले उड़े चोर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

By Dinesh chourasiya

दुर्ग शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में चोरी के दो मामले सामने आए हैं। एक ओर जहां सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने जेवर और कीमती बर्तन पार कर दिए, वहीं दूसरी ओर शादी समारोह में शामिल एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई।

शिक्षक के बंद घर में हुई चोरी पहली घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। यहां स्मृति नगर भिलाई निवासी शिक्षक ऋषिकेश नायक के घर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। 24 जनवरी की शाम करीब 7 बजे वे अपने घर में ताला लगाकर पंचमुखी हनुमान मंदिर दर्शन करते हुए अपने माता-पिता के घर सेक्टर-10 भिलाई चले गए थे। रात करीब 10 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था और भीतर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने बेड के सिरहाने बने दराज में रखी सोने की चेन, जिसमें हनुमान जी का लॉकेट लगा था, तथा घर में उपयोग के लिए रखे पीतल और कांसे के बर्तन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है। घटना की जानकारी उन्होंने अपने भाई मंथिर नायक और मित्र गौरव सिंह ठाकुर को दी, इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

शादी में शामिल होने गए युवक की बाइक चोरी दूसरी घटना भी पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है, जहां शादी समारोह के दौरान अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। आदम अली, जो सिविल कंस्ट्रक्शन कार्य में सुपरवाइजर हैं, ने पुलिस को बताया कि वे 25 जनवरी को अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने विवेकानंद भवन पहुंचे थे। वे अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 LL 2986 से परिवार सहित कार्यक्रम में आए थे। शाम करीब 8:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक विवेकानंद भवन गेट के पास पद्मनाभपुर जाने वाली सड़क किनारे खड़ी की और अंदर चले गए। रात करीब 9:15 बजे जब वे घर लौटने बाहर आए तो बाइक वहां से गायब थी।

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस दोनों ही मामले में प्रार्थी ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। दोनों मामलों में अज्ञात चोरों की पतासाजी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button